मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में नेशनल हाईवे-46 पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

MP Road Accident: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में नेशनल हाईवे-46 पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

यह दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे नर्मदापुरम के पास निटाया क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि नागपुर से शाजापुर के बेरछा गांव जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। वाहन में कुल तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान नागपुर (हिंगनघाट) निवासी विशाल बाड़कुरे और बैतूल के मासोद निवासी ज्ञान सिंह के रूप में हुई है। वहीं, तीसरे व्यक्ति रूपेश गहलोत गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही इटारसी से 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी विसराम अहिरवार ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद पायलट प्रशांत ने उसे तुरंत नर्मदापुरम के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।