मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। अब दिन के समय गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है, जबकि रातें अभी भी ठंड का अहसास करा रही हैं। मंगलवार को भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के 15 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दूसरी ओर, रात के तापमान में गिरावट जारी है और 11 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल देश में दो मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, लेकिन उनके कमजोर होने के कारण प्रदेश में बारिश की संभावना बेहद कम है। हालांकि 13 और 16 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकते हैं, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसके चलते दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
दिन में नर्मदापुरम सबसे गर्म, रात में कल्याणपुर सबसे ठंडा
मंगलवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, दमोह, खजुराहो, मंडला, सागर, टीकमगढ़, बैतूल, गुना, धार, खंडवा, खरगोन, रायसेन, रतलाम सहित कई शहरों में दिन का पारा 30 डिग्री से ऊपर रहा।
वहीं रात के समय ठंड का असर बरकरार है। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री तक लुढ़क गया। कटनी के करौंदी में 5.9 डिग्री, अमरकंटक में 7.8 डिग्री, खजुराहो में 8.2 डिग्री और पचमढ़ी-उमरिया में 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
क्यों बदलेगा फिर मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और सिस्टम के गुजरने के बाद उत्तर भारत से ठंडी हवाएं चलेंगी। इसका असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई देगा। 13 से 15 फरवरी के बीच तापमान में गिरावट के साथ एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है।
अगले 2 दिन का मौसम पूर्वानुमान
12 फरवरी: दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी, दिन में तेज धूप रहेगी।
13 फरवरी: तापमान में 3–4 डिग्री की गिरावट, सुबह और रात में ठंड का असर ज्यादा रहेगा।











