मध्य प्रदेश में ठंड एक बार फिर तेज हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी बनी रहेगी। ग्वालियर-चंबल के साथ रीवा और शहडोल संभाग के शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया जा सकता है। फिलहाल कटनी और शहडोल प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके बने हुए हैं। वहीं, भोपाल और इंदौर में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
बीती रात प्रदेश के 13 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 10.4 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री, ग्वालियर में 11.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के सबसे ठंडे शहरों में कटनी का करौंदी और शहडोल का कल्याणपुर शामिल रहे। करौंदी में तापमान 5.6 डिग्री और कल्याणपुर में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पचमढ़ी, उमरिया और खजुराहो में 8.4 डिग्री, राजगढ़ में 8.5 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, रीवा और मलाजखंड में 9.1 डिग्री, नौगांव में 9.5 डिग्री, मंडला में 9.6 डिग्री और दतिया में 9.8 डिग्री तापमान रहा।
रविवार सुबह ग्वालियर-चंबल संभाग में हल्का कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कोहरे और बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दिन में धूप जरूर खिलेगी, लेकिन भोपाल, सीहोर, गुना, ग्वालियर, भिंड और मुरैना जैसे जिलों में सर्द हवाएं चलने से ठंड का असर बना रहेगा। खासकर देर रात और अलसुबह ठंड ज्यादा परेशान करेगी।
अगले 2 दिन का मौसम पूर्वानुमान
10 फरवरी:
हल्का कोहरा रहेगा, बारिश का अलर्ट नहीं, ठंड का असर ज्यादा रहेगा।
11 फरवरी:
कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा, बारिश की संभावना नहीं।











