मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार 16 फरवरी के बाद प्रदेश में बादल छा सकते हैं। इसकी वजह वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) को माना जा रहा है।

मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार 16 फरवरी के बाद प्रदेश में बादल छा सकते हैं। इसकी वजह वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) को माना जा रहा है। फिलहाल भोपाल, इंदौर समेत कई शहरों में दिन के समय गर्मी का असर बढ़ गया है, जबकि पचमढ़ी, खजुराहो और कटनी जैसे इलाकों में रातें अब भी ठंडी बनी हुई हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा, दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंडक, लेकिन कड़ाके की सर्दी या घने कोहरे की संभावना नहीं है।

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक, वर्तमान में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण कुछ जिलों में हल्के बादल दिखाई दे रहे हैं। वहीं 16 फरवरी से एक नया सिस्टम पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर भी प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। सिस्टम के गुजरने और बर्फ पिघलने के बाद मौसम में फिर बदलाव संभव है और हल्की सर्दी का एक और दौर लौट सकता है। शुक्रवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, बैतूल, धार, गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, रतलाम, दमोह, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सागर और सिवनी में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। सबसे अधिक 33.5 डिग्री तापमान खंडवा में रिकॉर्ड हुआ।

वहीं रात के समय अधिकांश शहरों में तापमान 10 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पचमढ़ी में 9.2 डिग्री, खजुराहो में 10.4 डिग्री, राजगढ़ में 10.6 डिग्री और मंदसौर में 10.7 डिग्री रहा। ग्वालियर में पांच बड़े शहरों में सबसे कम 12.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

आने वाले दो दिनों की बात करें तो 15 फरवरी को कुछ जिलों में हल्का कोहरा रह सकता है, हालांकि बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। 16 फरवरी को भी सीमित इलाकों में हल्का कोहरा संभव है और दिन में बादल छाए रहेंगे, लेकिन वर्षा की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है।