News in Brief, 30 January: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें

MP today big hindi news READ on singal click of the 19 April 2025 Saturday
X
News in Brief, 19 April: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें
News in Brief, 30 January: मध्यप्रदेश में गुरुवार (30 जनवरी) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (Haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी।

News in Brief, 30 January: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update

जापान में सीएम आज कब, क्या करेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जापान दौरे का गुरुवार को तीसरा दिन है। 30 जनवरी को मोहन यादव कोबे स्थित हेल्थ केयर और डॉयग्नोस्टिक कंपनी साइसमेक्स के अधिकारियों से चर्चा करेंगे। बैठक में मध्य प्रदेश में मेडिकल टेक्नोलॉजी और डॉयग्नोस्टिक उपकरण निर्माण की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री कंपनी की उत्पादन इकाई का निरीक्षण भी करेंगे।

E-मोबिलिटी सेक्टर में निवेश पर होगी चर्चा
CM मोहन ओसाका में पेनासोनिक एनर्जी के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस मीटिंग में नवकरणीय ऊर्जा, बैट्री निर्माण और ई-मोबिलिटी सेक्टर में निवेश पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश की औद्योगिक नीति और अनुकूल निवेश माहौल पर भी जानकारी साझा करेंगे। शाम को मुख्यमंत्री ओसाका में मध्य प्रदेश में निवेश अवसरों पर इंटरैक्टिव रोड-शो उद्योगपतियों से रूबरू होंगे। 24-25 फरवरी को आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में जापान के उद्योगपतियों को आमंत्रित करेंगे।

बाबा महाकालेश्वर का दिव्य शृंगार
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के कपाट गुरुवार सुबह 4 बजे खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला धारण की। बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया।भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।

इसे भी पढ़ें: Bhopal News in Brief, 30 January: भोपाल में आज कहां क्या हुआ? एक क्लिक में पढ़ें जरूरी खबरें

वायरल गर्ल मोनालिसा फिल्म में करेंगी डेब्यू
कजरारी आंख के कारण प्रयागराज महाकुंभ में सुर्खियों पर आई खरगोन की मोनालिसा की बॉलीवुड में एंट्री हो गई। बुधवार को फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा महेश्वर पहुंचे। यहां मोनालिसा के परिवार से मुलाकात की। परिवार की सहमति के बाद मोनालिसा से आने वाली ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ फिल्म के लिए अनुबंध किया गया। इसकी शूटिंग अप्रैल माह से लंदन में शुरू होनी है। हालांकि मोनालिसा के शॉट्र्स भारत में ही फिल्माए जाएंगे। फिल्म में राजकुमार राव के भाई अमित राव लीड रोल में होंगे। मोनालिसा को इसमें एक सैनिक की बेटी का रोल मिल सकता है।

MP में चिकित्सा शिक्षकों की भर्ती का बनेगा वार्षिक कैलेंडर
मध्य प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सा शिक्षकों की भर्ती का वार्षिक कैलेंडर बनाया जाएगा। इसी के अनुसार पूरे साल अलग-अलग विषयों के चिकित्सा शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया की जाएगी। साथ ही चिकित्सा शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम ने मेडिकल कॉलेजों की कार्यकारी परिषद (एग्जीक्यूटिव काउंसिल) की भी नियमित बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शुक्ल ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सेवा शर्तों और वित्तीय प्रावधानों पर भी अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया।

व्हीकल को मॉडीफाई किया तो लगेगा भारी जुर्माना
वाहन को शोरूम से खरीदने के बाद यदि आप इसे अपने हिसाब से मॉडिफाई करवा रहे हैं तो यह महंगा पड़ेगा। MP परिवहन विभाग ने साफ किया है कि व्हीकल मॉडिफाई करवाने वालों के वाहन ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन पर प्रथम निरीक्षण में ही फेल कर दिए जाएंगे। इस प्रकार गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नहीं होगा और सड़क पर वाहन चलाना अवैध माना जाएगा। भोपाल के अलावा ऑटोमेटिक फिटनेस टेस्टिंग स्टेशन का संचालन इंदौर एवं ग्वालियर शहर में किया जा रहा है। इसे जल्द ही जबलपुर, उज्जैन रीवा सहित 22 बड़े शहरों में लागू किया जाएगा।

मंडीदीप में 7 मार्च से लगेगा इंडस्ट्रियल एक्सपो-2025
मंडीदीप 7 से 10 मार्च तक 'इंडस्ट्रियल एक्सपो 2025' का आयोजन किया जाएगा। एक्सपो में MP सहित देशभर के 200 से ज्यादा उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह तीसरा मौका है जब मंडीदीप में इंडस्ट्रियल एक्सपो का आयोजन होने जा रहा है। इसमें मंडीदीप, भोपाल, इंदौर, देवास, पीथमपुर, ग्वालियर सहित अन्य राज्यों के उद्योगपति अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। एक्सपो में स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों से जोड़कर औद्योगिक संपर्क को सशक्त और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देने के लिए मंडीदीप के अलावा भोपाल गोविंदपुरा, बागरोदा, तमोट अचारपुरा उद्योग क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।

खजुराहो बाल नृत्य महोत्सव के लिए 3 तक करें आवेदन
मध्यप्रदेश के खजुराहो में बाल नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। नृत्य महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए 10 से 16 वर्ष के मध्यप्रदेश के मूल निवासी बाल नृत्य कलाकार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित होने वाले कलाकारों को 20 से 26 फरवरी तक ऐतिहासिक नगरी खजुराहो में आयोजित होने वाले विश्वप्रसिद्ध खजुराहो नृत्य समारोह के दौरान एक पृथक मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर प्राप्त होगा। इस महोत्सव में आवेदन करने के लिए 3 फरवरी को रात 12 बजे तक संस्कृति संचालनालय की वेबसाइट culturemp.in अथवा talent.khajurahodancefestival.com पर आवेदन किया जा सकता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story