News in Brief, 2 December: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें 

MP today big hindi news READ on singal click of the 19 April 2025 Saturday
X
News in Brief, 19 April: मध्य प्रदेश [MP] की बड़ी खबरें एक साथ, एक क्लिक में पढ़ें
News in Brief, 2 December: मध्यप्रदेश में सोमवार (2 दिसंबर) को कहां-क्या हो रहा है। आपके काम की हर जानकारी यहां (haribhoomi.com) पर एक क्लिक पर मिलेगी।

News in Brief, 2 December: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update

सिंगरौली SDM के IPS बेटे की सड़क हादसे में मौत
सिंगरौली के देवसर एसडीएम (SDM) अखिलेश सिंह के बेटे आईपीएस (IPS) अधिकारी हर्षवर्धन सिंह की कर्नाटक के हासन के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। वे 2023 बैच के आईपीएस प्रोबेशनरी अधिकारी थे। हर्षवर्धन ने मैसूर स्थित कर्नाटक पुलिस अकादमी (केपीए) में अपना प्रशिक्षण पूरा किया था और वे हसन में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी पहली नियुक्ति लेने के लिए जा रहे थे।

समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी आज से
खरीफ विपणन मौसम 2024-25 के लिए धान की खरीदी 2 दिसंबर से शुरू होगी। धान कॉमन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 और धान ग्रेड-ए का 2320 रुपए प्रति क्विंटल है। किसानों की एफएक्यू गुणवत्ता की उपज इन्हीं दरों पर उपार्जित की जाएगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि धान का उपार्जन 2 दिसम्बर से 20 जनवरी 2025 तक किया जाएगा। उपार्जन प्रत्येक सप्ताह के सोमवार से शुक्रवार तक होगा। समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के बाद भुगतान, कृषक पंजीयन के दौरान आधार नम्बर से लिंक बैंक खाते में किया जाएगा।

सीएम मोहन यादव आज कहां, कब जाएंगे
मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव सोमवार को ओंकारेश्वर जाएंगे। सीएम यहां आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। मोहन यादव सोमवार को सुबह 11:30 बजे भोपाल से जिला खंडवा के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12:30 बजे एकात्मधाम पहुंचेंगे। दोपहर 2:00 बजे स्थानीय कार्यक्रम और समीक्षा बैठक करेंगे। दोपहर 3 बजे ब्रह्मपुरी घाट पर आगमन, स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद शाम 4:20 बजे भोपाल पहुंचेंगे। सीएम शाम 7 बजे मुख्यमंत्री निवास पर समीक्षा बैठक करेंगे। प्रस्तावित गीता जयंती, तानसेन उत्सव एवं विकास पर्व के संबंध में अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे।

9वां टाइगर रिजर्व बनेगा माधव राष्ट्रीय उद्यान
माधव राष्ट्रीय उद्यान को टाइगर रिजर्व बनाने पर केंद्र भी सहमत हो गया है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) दिल्ली ने सैद्धांतिक सहमति जारी कर दी है। अब राज्य सरकार प्रक्रिया शुरू करेगी और सबकुछ ठीक रहा तो अगले 6 महीने के पहले माधव राष्ट्रीय उद्यान रिजर्व बन जाएगा। उसके पहले उद्यान में एक नर व एक मादा बाघ छोड़े जाएंगे। इधर रातापानी वन्यजीव अभयारण्य को रिजर्व घोषित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। रातापानी को कभी भी रिजर्व घोषित किया जा सकता है। दोनों प्रक्रिया पूरी होते ही प्रदेश में रिजर्व की संख्या 9 हो जाएगी।

नए डीजीपी मकवाना आज संभालेंगे कामकाज
एमपी के नए डीजीपी कैलाश मकवाना सोमवार को कामकाज संभालेंगे। कैलाश सुबह पुलिस मुख्यालय पहुंचेंगे और पदभार संभालेंगे। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक लेंगे और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। हालांकि नए डीजीपी मकवाना का कार्यकाल रविवार 1 दिसंबर से ही शुरू हो गया है। पहले दिन उन्होंने कानून व्यवस्था से जुड़े कई विषयों को देखा। बता दें कि सुधीर कुमार सक्सेना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हुए। मकवाना ने इनका स्थान लिया है।

इसे भी पढ़ें: Bhopal News in Brief, 2 December: भोपाल में आज कहां क्या हुआ? एक क्लिक में पढ़ें जरूरी खबरें

पीसीसी चीफ और नेता प्रतिपक्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। दोनों नेता मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सुबह 11:30 बजे एक साथ प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे। इस दौरान मध्यप्रदेश के सह प्रभारी संजय दत्त भी मौजूद रहेंगे।

हड़ताल पर जाएंगे स्वास्थ्य कर्मचारी
प्रदेश के स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा विभाग के समस्त अधिकारी कर्मचारी 11 दिसंबर से हड़ताल पर जाएंगे। स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी महासंघ विभाग फिर धरना देगा। सोमवार को प्रदेशभर के जिलों से फिर ज्ञापन दिया जाएगा। 15 सूत्रीय मांगों को लेकर 11 नवंबर से निरंतर चरणबद्ध आंदोलन किया रहा है। एमपी के समस्त जिलों प्रदर्शन कर विभाग का ध्यानाकर्षित कराया जाएगा।

मध्यप्रदेश रत्न अलंकरण समारोह 5 को
मध्यप्रदेश प्रेस क्लब अपनी स्थापना के 32वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस अवसर पर प्रदेश की उन विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां हासिल की हैं। समारोह 5 दिसंबर को सुबह 11 बजे रवीन्द्र भवन में आयोजित होगा। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद के आतिथ्य में समारोह होगा। 'ए विजन डॉक्युमेंट फॉर राइजिंग मध्यप्रदेश' विषय पर एक तकनीकी सत्र का आयोजन भी होगा। इसमें देशभर से आए शोधार्थी और चिंतक विचार साझा करेंगे।

नक्सलियों ने पेड़ पर बांधा बैनर
बालाघाट के पटेलटोला चारघाट जंगल में पेड़ से नक्सलियों ने दो बैनर बाधे हैं। नक्सलियों ने दो से आठ दिसंबर तक पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) सप्ताह मनाने का आह्वान किया है। बैनर के नीचे जीआरबी डिविजन कमेटी भाकपा (माओवादी) के नाम का उल्लेख है। इसकी पुष्टि एसपी नगेंद्र सिंह ने की है। बताया कि पुलिस ने बैनर-पोस्टर जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है।

प्रदेश में परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 4 को
एमपी में 4 दिसंबर को चयनित सैंपल शालाओं में कक्षा-3, 6 और 9 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वेक्षण की रिपोर्ट का केन्द्र सरकार द्वारा नीति निर्धारण में उपयोग किया जाएगा। इस बात को ध्यान में रखते हुए राज्य शिक्षा केन्द्र ने सर्वेक्षण कार्य में पारदर्शिता रखे जाने के निर्देश मैदानी अमले को दिए हैं। राष्ट्रीय सर्वेक्षण के संचालन की जिम्मेदारी एनसीईआरटी के पास है, जबकि सीबीएसई को सर्वेक्षण के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश में सर्वेक्षण के सुचारु और निष्पक्ष संचालन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पेशल ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं।

एक बूथ पर 1 अध्यक्ष और 11 सदस्यों को चुना
एमपी में भाजपा के 65 हजार 15 बूथ और 11 हजार शक्ति केंद्र हैं। एक बूथ पर 1 अध्यक्ष और 11 सदस्यों को संगठन पर्व के तहत चुना गया। पूर्व में इन सभी का डेटा केंद्रीयकृत नहीं था लेकिन अब सभी का डेटा डिजिटल माध्यम में संधारित कर लिया है जो दिल्ली के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी एक क्लिक में देख सकते हैं। यह काम कठिन था जिसे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के सहयोग से पदाधिकारियों ने बड़ी सहजता से 30 नवंबर की शाम 5 बजे तक पूरा कर लिया है। प्रदेश भाजपा का यह काम एमपी दौरे पर आए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भा गया, उन्होंने इसकी तारीफ की और पूरी टीम को बधाई दी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story