डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर देर रात तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
यह घटना गाड़ासरई थाना क्षेत्र के किकरातालाब के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि परसवाह, करबे मट्टा और उफरी गांव के निवासी शनिवार को सिलियारी गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होकर पिकअप वाहन से लौट रहे थे। रास्ते में उनका वाहन पंचर हो गया।
रात करीब 12:30 बजे सभी लोग सड़क किनारे खड़े होकर टायर बदलने का इंतजार कर रहे थे। तभी अमरकंटक की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर सीधे लोगों पर चढ़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोग करीब 10 फीट तक उछल गए।
हादसे के बाद क्या हुआ?
हादसे के बाद कंटेनर नहीं रुका। वह लोगों को कुचलते हुए सड़क किनारे बनी मडिया, बिजली के पोल और यात्री प्रतीक्षालय को भी तोड़ता चला गया। करीब 350 मीटर दूर जाकर वाहन रुका, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया।
प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया और पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को रेड क्रॉस सोसाइटी से 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गांव में पसरा मातम
हादसे में राजकरण बनवासी (35), बिहारी सिंह (50), पवन मरावी (35), बिसाहू धुर्वे (58) समेत पांच लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बिहारी सिंह के बेटे की भी इस हादसे में जान चली गई।
घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।








