मध्यप्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी के गठन की तैयारी तेज, पुराने और नए नेताओं का संतुलन बनाने पर जोर। मार्च अंत तक घोषणा और नवरात्र में औपचारिक ऐलान संभव।

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मध्यप्रदेश में अपने सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए नई कार्यकारिणी के गठन की दिशा में तेजी से काम कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में ऐसी टीम तैयार करने की कोशिश की जा रही है, जिसमें अनुभव और नई ऊर्जा का संतुलन दोनों दिखाई दे। सूत्रों के अनुसार, पार्टी वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के साथ-साथ नए चेहरों को भी अवसर देना चाहती है। संगठन के भीतर इस मुद्दे पर लगातार चर्चा चल जारी है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल समेत अन्य पदाधिकारियों से चर्चा की जा रही है।

मार्च अंत तक घोषणा के संकेत
जानकारी के अनुसार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जल्द ही पार्टी मुख्यालय में नियमित रूप से बैठना शुरू करेंगे। इसके बाद ही कार्यकारिणी की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। संभावना है कि मार्च के अंत तक नई टीम घोषित कर दी जाए, जबकि नवरात्र के दौरान इसे औपचारिक रूप से सार्वजनिक किया जा सकता है। नई कार्यकारिणी में ऐसे नेताओं को भी शामिल किए जाने पर विचार किया जा रहा है, जो लंबे समय से सक्रिय हैं लेकिन हाल के दिनों में उन्हें ज्यादा अवसर नहीं मिल पाए। 

जिला-मंडल स्तर पर भी हलचल
युवा और नए चेहरों को जोड़कर पार्टी संगठन में नई ऊर्जा भरने की योजना बनाई जा रही है। सिर्फ प्रदेश स्तर ही नहीं, बल्कि जिला और मंडल स्तर पर भी संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न बैठकों के जरिए प्रबंधन समितियों का पुनर्गठन किया जा रहा है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी तैयारी चल रही है, ताकि जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत हो सके। विधानसभा और लोकसभा चुनावों के बाद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक नहीं हो पाई, जिससे संगठन की गतिविधियां धीमी पड़ गई थीं।   

अप्रैल में होगी पहली बड़ी बैठक
प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने संकेत दिए हैं कि अप्रैल में विस्तारित टीम के साथ पहली कार्यसमिति बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में भविष्य की रणनीति, आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा तय की जाएगी। संगठन की ताकत और कमजोरियों को समझने के लिए बूथ स्तर तक काम की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा हर तीन महीने में नियमित बैठकें आयोजित करने की योजना है, ताकि कार्यों की निगरानी और सुधार लगातार होता रहे।