भोपाल। मध्यप्रदेश में 27 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। इस सत्र में 'नारी शक्ति वंदन' जैसे अहम मुद्दे पर विस्तृत चर्चा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही संकेत दे चुके हैं कि यह सत्र महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है। इस विशेष सत्र के लिए अधिसूचना जारी हो गई है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने रविवार (19 अप्रैल) को भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस की थी। उन्होंने कहा था कि, संसद में जो हुआ वह बहुत निंदनीय है। सीएम संसद में महिला आरक्षण बिल से जुड़ा 131वां संविधान संशोधन पास न होने पर पर चर्चा कर रहे थे। बिल गिरने पर विरोध करते हुए भाजपा ने 20 अप्रैल को आक्रोश रैली निकाली थी। इसका नाम 'नारी शक्ति वंदन पदयात्रा' रखा गया था।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि, 'महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार और पार्टी अब जनता के बीच जाएगी। पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन होगा। सभी जिलों में प्रदर्शन किया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत में निंदा प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। विधानसभा में इसे लेकर विशेष सत्र बुलाया जाएगा।'
यह भी पढ़ें: CM मोहन यादव का ऐलान, बुलाया जाएगा विधानसभा का विशेष सत्र
बता दें कि, देश भर में भाजपा द्वारा 131वां संविधान संशोधन पास न होने प्रदर्शन किया गया था। भोपाल समेत कई बड़े शहरों में भाजपा नेताओं ने रैली निकाली थी। भाजपा का आरोप है कि, कांग्रेस और उसके सहयोगी महिलाओं का हक़ छीन रहे हैं जबकि कोंग्रस का कहना है कि, नारी शक्ति वंदन की आड़ में भाजपा परिसीमन बिल पास करवाना चाहती थी।










