MP Accident News: मध्यप्रदेश। बीते 24 घंटे के अंदर मध्यप्रदेश के तीन जिलों में भीषण सड़क हादसे हुए। कहीं ट्रक ने किसी की जान ली तो कहीं कार की टक्कर ट्रैक्टर -ट्रॉली से हो गई। सभी मामलों में तेज रफ्तार लोगों की मौत का कारण बना। पांढुर्ना में हुए ऑक्सीडेंट में पंचायत कर्मी की मौत हो गई जबकि पीथमपुर में एक महिला की मौत हो गई। इसके अलावा अनूपपुर के नेशनल हाइवे पर हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
पांढुर्णा में कलश यात्रा के दौरान हादसा
जिले के लोधीखेड़ा क्षेत्र के बोरगांव में कलश यात्रा के दौरान हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान तेजराम काकड़े के रूप में हुई है। वे पंचायत कर्मी थे। यात्रा के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक आया और उन्हें कुचल दिया। मौके पर ही तेजराम की मौत हो गई। बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हुए थे। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शव को कब्जे में लेकर पुलिस टीम जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि, ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि, कलश यात्रा के लिए सही ढंग से इंतजाम नहीं किए गए थे। अगर ट्रक की एंट्री रोकी जाती तो हादसा नहीं होता।
महू-नीमच मार्ग पर ट्रक ने महिला को कुचला
पीथमपुर में महू-नीमच मार्ग पर ट्रक ने महिला को कुचल दिया। जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात को हुआ था। मृतक महिला की पहचान मधु बाई के रूप में हुई है। वह हॉस्पिटल के सामने सब्जी बेचती थी। अचानक से तेज रफ्तार ट्रक आया और महिला समेत तीन लोगों को कुचल दिया। महिला की मौके पर मौत हो गई लेकिन दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। प्राथमिक इलाज के बाद घयलों को इंदौर रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि, ट्रक की स्पीड तेज थी। स्पीड ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ गया और रेलिंग तोड़कर ट्रक सीधे ठेले से टकरा गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है।
अनूपपुर NH-43 पर भी हुआ हादसा
अनूपपुर जिले के NH-43 पर भी बड़ा हादसा हुआ। यहां तेज रफ्तार कार ने डीजल लोड ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे के कारण कार चालक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोग घायल हुए हैं। कोतमा थाना क्षेत्र में यह हादसा गुरुवार रात हुआ। मृतकों की पहचान प्यारे शर्मा और गीता पनिका के रूप में हुई है। दोनों राजनगर के रहने वाले हैं। हादसे में हरिशंकर चतुर्वेदी और मीना देवांगन घायल हुए। बताया गया है कि, ये लोग इलाज के लिए शहडोल गए थे। वहां से राजनगर को लौट रहे थे।
इतना भीषण था कि, कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं ट्रैक्टर ट्रॉली खेत में जा गिरी। हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।