मध्यप्रदेश। जिस घर में शादी की तैयारियों की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। मुरैना में बेटी के हाथ पीले होने से पहले ही पिता की अर्थी उठी। एक हादसे में उनकी मौत हो गई। इस कारण घर में मातम का माहौल है। हादसा उस समय हुआ जब पिता अपनी बेटी की शादी का कार्ड बांटने रिश्तेदारों के यहां गए थे।
10 अप्रैल को होनी थी शादी
मामला मुरैना जिले की विजयपुर तहसील के गांव सहसराम का है। गांव के पीरू शाह की बेटी रौनक बानो की शादी 10 अप्रैल को होनी थी। वे रिश्तेदारों के घर शादी का कार्ड बांटने निकले थे तभी उनकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि, बाइक पर सवार पीरू शाह समेत उनके रिश्तेदार की मौत हो गई। वहीं कार चालाक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जौरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल कार चालाक बंटी कुशवाहा को अस्पताल में भर्ती करवाया। इधर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए कार चालक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
बाइक का पहिया टूटा
लोगों ने बताया कि, कार और बाइक की टक्कर अगरौता चौराहे जौरा में हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि, बाइक का पहिया टूटकर अलग हो गया। पीरू शाह और उसका रिश्तेदार भूरा शाह बुरी तरह घायल हो गए थे। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, मामले में जांच जारी है। मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए हैं। जिला अस्पताल में भर्ती कार चालक बंटी कुशवाहा से भी पूछताछ की जा रही है।
(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)