Maihar News: मध्यप्रदेश। मैहर जिले में सतना से रामनगर जा रही बस में महिला के साथ एक व्यक्ति ने अश्लील हरकत की। आरोपी की पहचान अमरपाटन पीजी कॉलेज में पदस्थ असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक सिन्हा के रूप में हुई है। महिला ने आलोक सिन्हा द्वारा की गई अश्लील हरकतों का वीडियो बनाया। इसके बाद पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत की। आरोपी आलोक सिन्हा के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। इधर कॉलेज के छात्रों ने सिन्हा के खिलाफ प्रदर्शन की बात कही है।
जान से मारने की धमकी
बताया जा रहा है कि, महिला सतना से बस में बैठी थी। भटनवारा में उसके बगल की सीट खाली हुई तो असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक सिन्हा आकर बैठ गया। कुछ देर बातचीत करने के बाद उसने अश्लील हरकतें शुरू कर दी। महिला ने उसकी पूरी हरकत अपने फोन में रिकॉर्ड कर ली। विरोध करने पर आरोपी ने महिला पर समझौते का दबाव बनाया। जब महिला ने मना कर दिया तो जान से मारने की धमकी दे दी।
आरोपी फरार
अमरपाटन पहुंचकर महिला ने थाने में शिकायत की। महिला ने पुलिस को वह वीडियो भी दिया है जिसमें आरोपी उसके साथ अश्लील हरकरतें करता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस ने साक्ष्य के आधार पर आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। उसकी तलाश की जा रही है। महिला के अनुसार, आरोपी ने उसे अपना नाम अलोक सिन्हा बताया था। उसने यह भी कहा था कि, वो अमरपाटन पीजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर है।
बता दें कि, अलोक सिन्हा साल 2015 से अमरपाटन पीजी कॉलेज में पदस्थ है। पत्नी दिल्ली में रहती है। एक बेटी है जो कनाडा में हैं। मैहर में अलोक सिन्हा अकेला रहता है। मामले के खुलासे के बाद अब छात्र सिन्हा के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी में हैं। छात्र सिन्हा को सस्पेंड करने की मांग कर रहे हैं।
पहले भी विवादों में रहे आलोक सिन्हा
यह पहली बार नहीं है जब असिटेंट प्रोफेसर आलोक सिन्हा विवादों में हैं। इसके पहले उन पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एसपी सिंह के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। पिछले हफ्ते छात्राओं के साथ भी सिन्हा ने बदतमीजी की थी। इसे लेकर बहुत हंगामा हुआ था। मामला इतना बढ़ गया था कि, बीचबचाव के लिए प्राचार्य को आना पड़ा था।