मार्च में ठंड की वापसी: मध्यप्रदेश में गिरा तापमान, सर्द हवाओं का असर जारी

weather
X
weather
MP Weather: मार्च महीने में जहां आमतौर पर गर्मी दस्तक देने लगती है, वहीं इस बार ठंड ने अचानक वापसी कर ली है। भोपाल में एक ही रात में तापमान 7.8 डिग्री तक लुढ़क गया।

MP Weather: मार्च महीने में जहां आमतौर पर गर्मी दस्तक देने लगती है, वहीं इस बार ठंड ने अचानक वापसी कर ली है। मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई शहरों में दिन और रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है।

भोपाल में एक ही रात में तापमान 7.8 डिग्री तक लुढ़क गया, वहीं दिन में भी 4.7 डिग्री की गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री पर आ गया। दिनभर 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया।

पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने से ठंडी हवाएं मैदानों की ओर बढ़ रही हैं, जिससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है।

रात का पारा 10 डिग्री के नीचे पहुंचा
प्रदेश के कई शहरों में रात के तापमान में भारी गिरावट देखी गई है। मंगलवार-बुधवार की रात शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस समय प्रदेश में सबसे कम है। अन्य शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:

  1. राजगढ़: 8°C
  2. अशोकनगर (आवरी): 8.2°C
  3. नीमच (मरूखेड़ा): 9.1°C
  4. बड़वानी (तालुन): 9.6°C
  5. गुना: 9.8°C

इसके अलावा धार, सागर, सीधी, रतलाम, खजुराहो और नौगांव में भी तापमान में कमी दर्ज की गई।

अगले कुछ दिन ठंड बरकरार रहने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में और गिरावट हो सकती है। सुबह और रात के समय ठंड महसूस की जाएगी, जबकि दिन में हल्की धूप निकलेगी। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को मार्च में ठंड का एक और दौर देखने को मिल रहा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story