Sunil Lahiri Video: सुनील लहरी टीवी के लोकप्रिय शो 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बना चुके हैं। उन्होंने हाल ही में अपने साथ हुए एक फैन का डरावना अनुभव शेयर किया। सुनील ने बताया कि कैसे एक शख्स उनसे मिलने के लिए झूठ बोलेकर घर में घुस रहा था और खुद को उनका रिश्तेदार बताने लगा।
बिल्डिंग में घुसने के लिए खुद को बताया रिश्तेदार
सुनील लहरी ने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो जारी कर इस घटना का खुलासा किया। वीडियो में वह कहते हैं- मैं आप सभी के साथ एक बहुत ही रोचक किस्सा साझा करना चाहता हूं, जिसने मुझे रामायण की शूटिंग के दिनों की याद दिला दी। हाल ही में, कोई व्यक्ति मेरे रिश्तेदार होने का नाटक करते हुए मुझसे मिलने हमारी बिल्डिंग में आया। जब हमारे सिक्योरिटी गार्ड्स ने जांच की, तो उन्हें पता चला कि वह झूठ बोल रहा है, इसलिए उन्होंने उसे भगा दिया।"
‘मैं उनका भाई हूं, भोपाल से आया हूं’
उन्होंने बताया कि इस घटना ने उन्हें रामायण के समय के एक और फैन के साथ हुई मुलाकात की याद दिला दी। उस पल को याद करते हुए उन्होंने कहा, "एक दिन, धूप में लंबे समय तक शूटिंग करने के बाद, मुझे 2-3 दिन का ब्रेक मिला। मेरी दाढ़ी नहीं थी और बालों में तेल लगा हुआ था। मैं स्टूडियो के मेन गेट के पास टहल रहा था, तभी एक सज्जन आए और बोले, 'नमस्कार, मैं सुनील लहरी से मिलना चाहता हूं।' मैंने उनसे पूछा कि वे कौन हैं, तो उन्होंने कहा, 'मैं उनका भाई हूं। मैं भोपाल से हूं।' यह बहुत ही अद्भुत था। वे मुझसे मिलने आए थे, लेकिन मुझे पहचान नहीं पाए। उन्होंने मेरे भाई होने का नाटक किया।"
‘रामायण’ की यादें आज भी ताजा
बात करें रामायण की, तो यह शो भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे प्रतिष्ठित धारावाहिकों में से एक माना जाता है। इसे रामानंद सागर ने बनाया था। इसमें अरुण गोविल ने भगवान राम, दीपिका चिखलिया ने सीता, अरविंद त्रिवेदी ने रावण और दारा सिंह ने हनुमान का किरदार निभाया था।
1987 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ यह शो एक सांस्कृतिक घटना बन गया था। उस समय हर रविवार सड़कों पर सन्नाटा छा जाता था, क्योंकि लोग अपने घरों में बैठकर इसे देखना पसंद करते थे।









