भोपाल। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पर्यटकों की लापरवाही ने उनकी जान को खतरे में डाल दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाघ सड़क पार कर रहा है और उसी दौरान सफारी जीप में बैठे पर्यटक उसे देखने के लिए रुक जाते हैं। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि कुछ लोग जीप से नीचे उतरकर बेहद करीब से वीडियो बनाने लगे।
गाड़ी से उतर कर बनाए वीडियो
वीडियो में साफ नजर आता है कि जैसे ही बाघ जंगल से निकलकर सड़क की ओर बढ़ता है, वहां मौजूद गाड़ियां रुक जाती हैं। शुरुआत में लोग वाहन के अंदर से ही उसे देखते हैं, लेकिन कुछ ही देर में कई पर्यटक उत्साह में आकर नीचे उतर गए। वे बाघ के और करीब जाकर फोटो और वीडियो बनाने की कोशिश करने लगे, जो बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। गनीमत रही कि बाघ ने कोई आक्रामक व्यवहार नहीं दिखाया।
आराम से सड़क पार कर गया बाघ
बाघ बिना किसी को नुकसान पहुंचाए आराम से सड़क पार कर गया। पर्यटकों ने जिस तरह से नियमों की अनदेखी की, वह गंभीर चिंता का विषय है। अगर बाघ ने अचानक हमला कर दिया होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के डायरेक्टर अनुपम सहाय ने कहा वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है, लेकिन पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
ताला रेंज के सहा. संचालक करेंगे जांच
अनुपम सहाय ने बताया कि ताला रेंज के सहायक संचालक इस मामले की जांच करेंगे। यह घटना पर्यटकों की लापरवाही और जागरूकता की कमी को दिखाता है। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में पर्यटकों की आवाजाही ज्यादा है, वहां सुरक्षा के लिए चेक पोस्ट बनाए जाएंगे, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। यह घटना मानपुर क्षेत्र के मगधी गेट के पास की है, जहां अक्सर पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है।









