Khandwa News : मध्यप्रदेश के खंडवा में एक भाजपा नेता ने कांग्रेस के पूर्व पार्षद पर सूदखोरी का आरोप लगाकर जहर खा लिया। गंभीर हालत में भाजपा नेता को अस्पताल में भर्ती किया गया लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची थी। यहां मौत से पहले भाजपा नेता ने कोंग्रस के पूर्व पार्षद पर प्रताड़ना समेत सूदखोरी का आरोप लगाया।
भाजपा नेता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। भाजपा नेता का नाम जितेंद्र चौधरी उर्फ जीतू बताया जा रहा है। वह ठेकेदारी का काम भी करता था। वहीं कांग्रेस के पूर्व पार्षद की पहचान गणेश सकरगाये के रूप में हुई है।
इलाज के दौरान मौत
मंगलवार सुबह जितेंद्र चौधरी उर्फ जीतू, गणेश सकरगाये के घर पहुंचे थे। यहां जितेंद्र ने जहर खा लिया। तबियत बिगड़ी तो कांग्रेस पूर्व पार्षद गणेश सकरगाये और अन्य लोग उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर्स ने जितेंद्र को बचाने का प्रयास किया लेकिन दोपहर को उनकी मौत हो गई।
5% ब्याज लेता था गणेश
मौत से पहले जितेंद्र ने पुलिस को बयान दिया था। उसने बताया था कि, उसका गणेश सकरगाये से 50 लाख रुपए का लेन-देन है। करीब एक करोड़ रुपए की मार्केट उधारी भी है। कांग्रेस पूर्व पार्षद गणेश पांच प्रतिशत ब्याज लेता है। उसके द्वारा मकान बिकवाने की धमकी दी गई और बेटी का रिश्ता भी तुड़वा दिया गया।
पत्नी पर भी लगे आरोप
इधर जितेंद्र की बहन ने जितेंद्र की पत्नी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि, जब जितेंद्र कंगाल हो गया तो उसकी पत्नी से उससे दूरी बना ली। पेशे से प्राइवेट स्कूल में टीचर जितेंद्र की पत्नी उसे खाना तक नहीं देती थी। जितेंद्र का परिवार फिलहाल शोक में है। पत्नी के अलावा उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। बेटी ग्रेजुएशन कर रही है जबकि बेटा सिविल इंजिनियर है।










