सज्जाक खान- छुईखदान। छत्तीसगढ़ के छुईखदान में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक विवाह का आयोजन केकती बाड़ी मैदान में किया गया। इस आयोजन में लगभग 115 जोड़ों का विधिवत विवाह संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि दूल्हों की बारात एक किलोमीटर पैदल चलकर पंडाल तक पहुंची। एक बैंड-बाजे के साथ निकली इस अनोखी बारात ने पूरे छुईखदान को शादी के रंग में रंग दिया। रास्ते भर लोग इस दृश्य को देखने उमड़ पड़े।हर कोई दूल्हे के तरफ इशारा कर बधाई देते रहे। बरातीयों के स्वागत महिला एवं बाल विकास विभाग ने किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग बना घराती
महिला एवं बाल विकास विभाग ने घराती की भूमिका निभाते हुए बारातियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुल्हनों की सहेलियां बनीं, जिन्होंने विवाह से जुड़ी सभी रस्मों में सक्रिय भूमिका निभाई। खैरागढ़ और छुईखदान विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दुल्हनों के साथ हल्दी, स्वागत और अन्य वैवाहिक रस्में पूरी कराईं, जिससे आयोजन में आत्मीयता और सामाजिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। नवविवाहित जोड़ों को चेक के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही आवश्यक घरेलू सामान भी सम्मान स्वरूप दिया गया, जिससे दहेज-विहीन विवाह को प्रोत्साहन मिला।
यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक सशक्त सहारा- प्रियंका ताम्रकार
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार ने नव विवाहित जोड़े को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक सशक्त सहारा है, जो सामाजिक समरसता एवं बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह बहुत अच्छी योजना है, समूह में मिलकर बाजे-गाजे के साथ खुशी भरे माहौल में विवाह सम्पन्न हो रहा है। सभी वर-वधु को सुखी जीवन के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।
पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने दी बधाई
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पहुंचे जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने सभी जोड़ों को बधाई देते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से गरीब माता पिता को सहयोग मिला आज छेत्र की 115 जोड़ी विवाह के बंधन में बंधे मै सभी जोड़ों को विवाह की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा भगवान इनकी जोड़ी सदैव खुश रखे।
कलेक्टर ने बारातियों का किया स्वागत
कलेक्टर इंद्रजीत कुमार चंद्रावल ने सामूहिक कन्या विवाह योजना में शामिल घराती-बराती का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह महती योजना है। राज्य सरकार द्वारा सामूहिक कन्या विवाह के लिए 35 हजार रूपए की मदद कन्या के उपहार सामग्री के लिए दी जाती है, जो वधु के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा की जाती है। इसके अलावा 01 हजार रूपए परिवहन व्यय के लिए दिए जा रहे हैं। इस प्रकार 36 हजार रूपए की सहायता राशि सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है। उन्होंने नव-दम्पत्तियों को सुखी वैवाहिक जीवन अपनी शुभकामनाएं दी।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत के सीईओ प्रेम कुमार पटेल जिला परियोजना अधिकारी डॉ, पी आर खूंटे छुईखदान जनपद पंचायत के सीईओ केशवरी देवांगन खैरागढ़ के परियोजना अधिकारी रंगना श्रीवास्तव छुईखदान के परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे सहित जनपद अध्यक्ष उपाध्यक्ष जनपद सदस्य सरपंच सहित वर वधु के सगा संबंधी उपस्थित थे ।









