Logo
Indore News: इंदौर के एक कोचिंग सेंटर में नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोपी ब्रांच मैनेजर की पिटाई की, पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Indore News : मध्यप्रदेश के इंदौर में अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के एक कोचिंग सेंटर में उस समय बवाल हो गया जब एक नाबालिग छात्रा ने ब्रांच मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रा का कहना है कि, ब्रांच मैनेजर ने उसका हाथ पकड़ा और उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। छात्रा ने जब यह बात कोचिंग में पढ़ाने वाले टीचर को बताई तो उन्होंने मुंह बंद रखने को कहा। 

कोचिंग के डायरेक्टर को भी नोटिस
पूरे मामले के सामने आने के बाद छात्रा के परिजनों ने आरोपी के साथ मारपीट की। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि, नाबालिग छात्रा के आरोपों के आधार पर पुलिस ने पोक्सो और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। कोचिंग के डायरेक्टर को भी नोटिस भेजा गया है। 

किस करने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, यह घटना नरेंद्र तिवारी मार्ग स्थित केटलाइजर कोचिंग सेंटर की है। दसवीं में पढ़ने वाली छात्रा यहां कोचिंग के लिए आती थी। उसने आरोप लगाया है कि, सोमवार को जब वह कोचिंग गई तो ब्रांच मैनेजर आदेश जोशी उसे लॉबी में ले गया। यहां उसने अश्लील हरकत करने की कोशिश की। उसे किस करने की बात कहकर उसके बैग से परफ्यूम निकालकर लगाया।

सीहोर का रहने वाला है आरोपी
डरी-सहमी छात्रा जब घर पहुंची तो उसने मामले के बारे में परिजनों को बताया। इसके बाद छात्रा के परिजन कोचिंग गए और आरोपी के साथ मारपीट की। जब डायल 112 को बुलाया गया तो मामला शांत हुआ। आरोपी मूलतः सीहोर का रहने वाला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

5379487