खंडवा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के खड़कपुरा इलाके में स्थित मक्का मस्जिद पर पत्थरबाजी की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें दो आरोपी वयस्क हैं, जबकि चार नाबालिग बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिसे देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। अधिकारियों के अनुसार, वारदात के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों तक पहुंच बना ली गई।
मंगलवार रात फेंके गए थे पत्थर
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात ईशा की नमाज के दौरान कुछ युवक पास के स्कूल परिसर में घुसे और वहां से मस्जिद की ओर पत्थर फेंके। एक पत्थर मस्जिद की पीछे की खिड़की से टकराया, जिससे तेज आवाज हुई और नमाज पढ़ रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हलचल फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे।
पुलिस ने संदिग्धों को पकड़ा
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्ध युवकों की पहचान की। पूछताछ में सामने आया कि कुछ आरोपी नशे के आदी थे। हालांकि कुछ आरोपियों ने सफाई दी कि वे पत्थर फेंककर कबूतर भगा रहे थे, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज किया। गिरफ्तार दो आरोपियों को पुलिस ने उसी इलाके में में ले जाकर जुलूस के रूप में घुमाया।
एहतियातन क्षेत्र में निगरानी जारी
इस घटना के 4 नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रक्रिया में लिया गया है। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी धार्मिक स्थल के साथ छेड़छाड़ या उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और क्षेत्र में एहतियातन निगरानी रखी जा रही है। यह घटना की वजह से क्षेत्र में अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया लेकिन पुलिस की तत्परता की वजह से स्थिति जल्दी ही नियंत्रण में आ गई।









