भोपाल। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन्स-1 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इस बार देशभर में कुल 12 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल कर इतिहास रच दिया है। लेकिन 100 पर्सेंटाइल हासिल करने वाले क्लब में मध्य प्रदेश से एक भी छात्र नहीं है। राज्य स्तर पर इंदौर के ऋद्धेश बेंदाले ने 99.992186 पर्सेंटाइल हासिल करते हुए टॉप किया है, जबकि लड़कियों की श्रेणी में इंदौर की ही अनुष्का अग्रवाल 99.96 पर्सेंटाइल के साथ राज्य में पहले स्थान पर आई है। ऋद्धेश बेंदाले अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।
बेंदाले ने पहले भी मनवाया प्रतिभा का लोहा
ऋद्धेश बेंदाले ने 55वीं अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड 2025 में स्वर्ण पदक जीता था, जो पेरिस, फ्रांस में आयोजित हुआ था। जुलाई में सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी उन्हें उनकी उपलब्धि पर बधाई दी थी। अब जेईई मेन में उनका शानदार प्रदर्शन एक बार फिर चर्चा में है। विशेषज्ञों का मानना है कि मध्यप्रदेश के छात्र जेईई मेन सत्र-2 में और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। अब सबकी निगाहें अगले सत्र पर टिकी हैं, जो अभ्यर्थियों को अपनी रैंक सुधारने का एक और अवसर देगा।
इंदौर के इन छात्रों ने परीक्षा में मारी बाजी
इंदौर के कई छात्रों ने इस बार प्रभावशाली अंक प्राप्त किए हैं। पार्थ माहेश्वरी ने 99.994666 पर्सेंटाइल हासिल किया। अक्षय गोयल को 99.965201, दक्ष जैन को 99.9570252, जय लोंगवानी को 99.9509519 और अन्वेष गामी को 99.9504702 पर्सेंटाइल मिले। इसके अलावा भोमिक पवार ने 99.947179, अथर्व देशमुख ने 99.9404891, यज्ञम पाटीदार ने 99.9392562, तोशिर जैन ने 99.919125, सुजल पटेल ने 99.9163694, शुभांग देशमुख ने 99.9123703, अर्नव सिसोदिया ने 99.9069593 और अलेख जैन ने 99.9056768 पर्सेंटाइल प्राप्त किए।
भोपाल के श्रेयांस को 99.9 पर्सेंटाइल
भोपाल के विद्यार्थियों ने भी इस परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया। भोपाल के श्रेयांश जेना ने 99.9 पर्सेंटाइल हासिल किया। जबकि, तनिष्क शुक्ला ने 99.90, अर्श जैन ने 99.92 और तनिष्क सिंघल ने 99.92 पर्सेंटाइल प्राप्त किए। देशभर में 12 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए। इनमें दिल्ली (एनसीटी) के श्रेयस मिश्रा, आंध्र प्रदेश के नरेंद्र बाबू गारी मथित और पसाला मोहित, बिहार के शुभम कुमार, राजस्थान के कबीर छिल्लर, चिरंजीब कर और अर्नव गौतम, ओडिशा के भावेश पात्रा, हरियाणा के अनय जैन, महाराष्ट्र के माधव विरदिया, गुजरात के पुरोहित निमय और तेलंगाना के विवान शरद महेश्वरी शामिल हैं।
ऐसे डाउनलोड करें स्कोरकार्ड
छात्र अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां अपना आवेदन नंबर और पासवर्ड दर्ज करें। कैप्चा भरकर लॉगिन करने के बाद स्कोरकार्ड देखा और डाउनलोड किया जा सकता है। अब ध्यान जेईई मेन सत्र-2 पर केंद्रित हो गया है, जहां छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार करने का एक और अवसर मिलेगा। यह सत्र उन अभ्यर्थियों के लिए खास होगा, जो अपनी रैंक बेहतर बनाकर प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश पाना चाहते हैं।










