इंदौर। प्रदेश के इंदौर में जल्द ही एक विशाल और आधुनिक अस्पताल बनने जा रहा है, जो राज्य का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल होगा। इस नए प्रोजेक्ट को न्यू एमवाय हॉस्पिटल के नाम से विकसित किया जा रहा है। यह मौजूदा एमवाई हास्पिटल इंदौर से भी बड़ा और ज्यादा सुविधाओं से लैस होगा। स्वास्थ्य विभाग की योजना के अनुसार इस नए अस्पताल में करीब 1610 बेड की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही यहां 34 अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर और 320 आईसीयू बेड भी बनाए जाएंगे। यह अस्पताल एक टीचिंग हॉस्पिटल के रूप में भी काम करेगा, जिससे मेडिकल छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।
36 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य
इस प्रोजेक्ट को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है और इसके निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है, जिसके बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा। सरकार ने इस प्रोजेक्ट को तय समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। योजना के अनुसार अस्पताल का निर्माण कार्य करीब 36 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के मुताबिक, निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू होने वाला है और इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
81.5 एकड़ में फैला होगा आधुनिक कैंपस
यह विशाल अस्पताल करीब 81.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसके डिजाइन में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। अस्पताल परिसर में सोलर पैनल, हरित क्षेत्र, चौड़े रास्ते, एंबुलेंस के लिए अलग प्रवेश और आकर्षक मुख्य द्वार जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इस प्रोजेक्ट को एमपीबीडीसी के माध्यम से विकसित किया जा रहा है। इसके आर्किटेक्चर का काम डीडीएफ कॉन्सल्टैंट्स द्वारा किया जा रहा है, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी आयरल ट्रैंगल लिमिटेड को सौंपी गई है।
मालवा-निमाड़ के मरीजों को मिलेगा इलाज
नए अस्पताल के निर्माण के लिए परिसर में मौजूद कुछ पुरानी इमारतों को हटाया जाएगा। वहीं एमजीएम मेडिकल कॉलेज इंदौर, चाचा नेहरू हास्पिटल इंदौर, सुपर स्पेशलिटी और कैंसर अस्पताल को बरकरार रखते हुए उनका नवीनीकरण किया जाएगा। वर्तमान एमवाय अस्पताल में करीब 1450 बेड हैं, पर यहां हमेशा मरीजों की संख्या अधिक रहती है, जिससे अस्पताल पर दबाव बना रहता है। इसी कारण एक बड़े और बेहतर अस्पताल की जरूरत महसूस हो रही थी। इससे इंदौर के साथ पूरे मालवा-निमाड़ क्षेत्र के मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।