इंदौर से हवाई संपर्क और मजबूत होने जा रहा है। स्टार एयर 30 मार्च से बेलगावी और कोल्हापुर के लिए नई उड़ानें शुरू करेगी, जबकि फ्लाई-91 मई से गोवा के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने की तैयारी कर रही है।

इंदौर। क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई 91 ने मई से इंदौर से कई नए शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई है। कंपनी ने अपने बयान में बताया कि मई से इंदौर और गोवा के बीच सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। एयरलाइन ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी डीजीसीए के पास आवश्यक अनुमति के लिए आवेदन कर दिया है। मंजूरी मिलते ही इंदौर से गोवा जाने वाले यात्रियों को सीधी उड़ान की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे यात्रा का समय भी कम होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

बेलगावी-कोल्हापुर को जोड़ने की तैयारी
इसके साथ ही एक अन्य क्षेत्रीय एयरलाइन स्टार एयर भी इंदौर से अपने नेटवर्क का विस्तार करने जा रही है। कंपनी ने इंदौर को बेलगावी और कोल्हापुर से जोड़ने की तैयारी पूरी कर ली है। इन नई उड़ानों का संचालन 30 मार्च से शुरू किया जाएगा। जानकारी के अनुसार ये उड़ानें मुंबई के रास्ते संचालित होंगी, लेकिन यात्रियों को बीच में विमान बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसका मतलब है कि यात्री एक ही विमान से अपनी पूरी यात्रा आसानी से कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि स्टार एयर पहले भी इंदौर से बेलगाम के लिए उड़ान सेवा संचालित कर चुकी है।

6 शहरों केलिए उड़ानें शुरू करने की योजना
कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज चाको के अनुसार एयरलाइन इस समय गोवा, नांदेड़, सोलापुर, जलगांव, सिंधुदुर्ग, पुणे, अगत्ती, हैदराबाद और कोच्चि जैसे शहरों के लिए उड़ानें संचालित कर रही है। कंपनी चरणबद्ध तरीके से अपने नेटवर्क का विस्तार करने की रणनीति पर काम कर रही है। कंपनी की इस तिमाही में इंदौर समेत छह नए शहरों को अपने रूट नेटवर्क में शामिल करने की योजना है। ऐसा होने पर एयरलाइन का नेटवर्क बढ़कर लगभग 15 स्टेशनों तक पहुंच सकता है, जिससे क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और मजबूती मिलेगी।

स्टार एयर के समर शेड्यूल में बदलाव
दूसरी ओर स्टार एयर भी अपने समर शेड्यूल के तहत सेवाओं में बदलाव कर रही है। कंपनी पहले इंदौर से गोंदिया और हैदराबाद के लिए उड़ानें संचालित करती थी, लेकिन इस साल जनवरी से इसमें बदलाव करते हुए गोंदिया और मुंबई के लिए नई उड़ानें शुरू की गईं। अब आगामी शेड्यूल में इंदौर-मुंबई फ्लाइट को आगे बढ़ाते हुए जाते समय बेलगाम और लौटते समय कोल्हापुर को जोड़ा जाएगा। इन उड़ानों का संचालन सप्ताह में तीन दिन-सोमवार, बुधवार और शनिवार-को किया जाएगा, जिससे यात्रियों को नई यात्रा सुविधाएं मिल सकेंगी।