इंदौर में रंगपंचमी पर गेर महोत्सव की शुरुआत, मिसाइलों से गुलाल और टैंक से पानी की बौछार। उज्जैन गेर में शामिल हुए CM यादव।

Indore Gair 2026: मध्यप्रदेश। इंदौर में गेर महोत्स्व की शुरुआत हो गई है। टोरी कॉर्नर से रंग उड़ाते हुए इस गेर में लोग शामिल हुए। मिसाइलों से हवा में गुलाल उड़ाया जा रहा है और टैंक से लोगों पर पानी की बौछार की जा रही है। राजवाड़ा समेत शहर के तमाम इलाकों से हुरियारों की टोली इस गेर में शामिल हुई है।

बड़ी संख्या में लोग इंदौर के गेर महोत्स्व में आए हैं। गेर के मार्ग पर आने वाली छतों की लोगों ने पहले से बुकिंग करवाई थी। यहां से गेर का अलग ही नजारा दिखता है। इस बार सीएम या कोई अन्य मंत्री गेर में शामिल नहीं हुआ है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भागीरथपुरा मामले का हवाला देते हुए समारोह में शामिल न होने की सूचना दी थी।

इधर सीएम मोहन यादव ने रंगपंचमी पर लोगों को शुभकामना देते हुए कहा कि, 'रंग पंचमी के पावन पर्व की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। रंगों का यह त्यौहार आप सभी के जीवन में उत्साह व उल्लास की वृद्धि करे, मेरी ओर से बहुत-बहुत मंगलकामनाएं।'

CM Mohan Yadav

बाबा महाकाल मन्दिर में सीएम यादव
रविवार तड़के मुख्यमंत्री मोहन यादव उज्जैन में बाबा महाकाल मंदिर पहुंचे। उन्होंने ध्वजा एवं अखाड़ों के शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया। सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते हुए सीएम यादव ने लिखा, ' ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्॥ आज रंग पंचमी के पावन अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर से निकलने वाली परंपरागत गेर में ध्वजा एवं अखाड़ों के शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया। इससे पूर्व बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।'

अखाड़ों के शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन

उज्जैन गेर में भगदड़
जानकारी सामने आई है कि, उज्जैन में गेर के दौरान किसी ने बम फोड़ दिया। इसके कारण मौके पर मौजूद लोग डर गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। भगदड़ के चलते एक व्यक्ति घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।