वन विभाग के बर्खास्त बाबू शिवराज सिंह और उनकी पत्नी का फंदे पर लटका मिला शव, दफ्तर में शराब पीने का वीडियो हुआ था वायरल

suicide
X
सिंगरौली में सनसनीखेज मामला सामने आया है। वन विभाग के बर्खास्त क्लर्क और उनकी पत्नी का शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। कुछ दिन पहले वन विभाग में पदस्थ शिवराज का दफ्तर में शराब पीने का वीडियो सामने आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भोपाल। सिंगरौली में वन विभाग के बर्खास्त क्लर्क शिवराज सिंह और उनकी पत्नी का शव सरकारी आवास में फांसी के फंदे पर लटका मिला। 9 फरवरी को वन विभाग के दफ्तर के अंदर शिवराज का शराब पीने का वीडियो सामने आया था। ड्यूटी के दौरान शिवराज की सहकर्मी ने शराब का वीडियो वायरल किया था और शिकायत की थी। वीडियो वायरल होने के बाद शिवराज को सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद शिवराज को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। बर्खास्तगी के बाद शिवराज अपने घर सीधी चले गए थे। शुक्रवार को शिवराज और उनकी पत्नी बैढ़न स्थिति वन विभाग के सरकारी आवास पर आए। दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना दोपहर 2 बजे की है। शिवराज सिंह और उनकी पत्नी ने फंदा क्यों लगाया? फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत का कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।

यह भी पढ़ें: वन विभाग का शराबी बाबू निलंबित: दफ्तर में बैठकर छलकाए जाम, महिला कर्मचारी को बर्बाद करने की दी धमकी, देखें वीडियो

9 फरवरी को क्या हुआ था वन विभाग के दफ्तर में
बता दें कि 9 फरवरी को शिवराज सिंह दफ्तर में ही बैठकर शराब पी रहा था। महिला कर्मी ने मना किया तो शिवराज बदतमीजी करने लगा। महिला ने अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाना शुरू किया। इसके बाद भी वह नहीं माना और महिला को अपशब्द कहने लगा। वीडियो में शिवराज सिंह कहते हुए दिख रहा है, फोटो खींचना है, लो अब खींच लो। इसके बाद वह दराज से शराब की बोतल निकालता है। शराब कप में डालने के बाद बोतल दिखाते हुए कहता है, ऐसा फोटो रख दूंगा न कि हालत भूल जाएगी। हम तो नहीं रहेंगे, तुमको बर्बाद करके जाऊंगा। इसको लिख लो। अब इस ऑफिस में केवल तू रहेगी या मैं रहूंगा। महिला कर्मी ने इसकी शिकायत डीएफओ अखिल बंसल से की थी।

महिला ने पुलिस को दिया था वीडियो और ऑडियो
महिला कर्मी ने बाबू पर गाली देने और धमकाने का आरोप भी लगाया था। महिला ने शिकायत में बताया था कि बाबू शिवराज सिंह आए दिन ऑफिस में शराब पीता था और महिला कर्मचारियों से गाली-गलौज करता था। विरोध करने पर उसने महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। महिला कर्मी ने शराबी बाबू का वीडियो और ऑडियो भी पुलिस को दिया है। महिला ने आरोप लगाया था कि क्लर्क धारदार हथियार साथ रखता है। लाइसेंसी रिवॉल्वर से डराता है। कहता है कि पूरे परिवार को खत्म कर देगा। महिला की शिकायत के बाद शिवराज को बर्खास्त कर दिया गया था।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story