Gwalior News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में आवारा सांड ने कोचिंग से लौट रहे छह साल के बच्चे पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बच्चा बुरी तरह घायल हो गया और उसे चेहरे पर 25 टांके लगे हैं। पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जानकारी के अनुसार हमले के बाद बच्चा सदमे में है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहली क्लास में पढ़ने वाला छह साल का गोविंद लश्कर और उसकी बड़ी बहन नंदिनी लश्कर शहर के मुरार इलाके के त्यागी नगर के रहने वाले हैं। दोनों बच्चे पास की गली में अपनी ट्यूशन क्लास खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। जब दोनों बच्चे अपने घर की तरफ जाने वाली गली में मुड़े, तो आवारा सांड वहां मौजूद थे।
भाई-बहन पर सांड ने किया हमला
नंदिनी और गोविंद ने एक काले सांड को उनकी ओर दौड़ता हुआ देखा और घबरा गए। घबराहट में मासूम गोविंद लड़खड़ाकर ज़मीन पर गिर गया। उसकी बड़ी बहन ने उसे उठाने की कोशिश की लेकिन इससे पहले कि वह उठ पाता, सांड उस पर हमला कर चुका था। नंदिनी किसी तरह भागकर खुद को बचा पाई और उसने अपने भाई के लिए मदद जुटाने की कोशिश की।
सांड ने कई बार बच्चे को जमीन पर पटका
बताया जा रहा है कि, बच्चे ने भागने की कोशिश की लेकिन सांड बेकाबू हो गया और गिरे हुए बच्चे पर जोरदार हमला कर दिया। आवारा सांड ने बच्चे को अपने सींगों में फंसा लिया और उसे कई बार जमीन पर पटक दिया। यह सब कुछ ही सेकंड में हुआ। लड़की अपने भाई के साथ हो रही क्रूरता से डर गई लेकिन उसने खुद को संभाला और आस-पास के लोगों को मदद के लिए बुलाने दौड़ी। जब लोग पहुंचे, तो सांड ने उसे जमीन पर गिरा दिया और अपने सींगों से कुचल दिया, जबकि बच्चा चिल्लाता रहा।
जा सकती थी बच्चे की जान
कुछ लोगों ने आवारा सांड को भगाया और बच्चे को लेकर डॉक्टर के पास गए। डॉक्टरों के मुताबिक, अगर कुछ सेकंड और सांड हमला जारी रखता तो बच्चे की जान जा सकती थी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल के पीडियाट्रिक्स डिपार्टमेंट के PICU में भर्ती कराया गया।
बच्चे के चेहरे पर 25 टांके लगे हैं। उसके सिर पर ही नौ टांके हैं। बच्चे को अब डिस्चार्ज कर दिया गया है। बच्चा अभी भी हादसे के सदमे में है। पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। बच्चे पर हमले का एक वीडियो भी गुरुवार रात सोशल मीडिया पर सामने आया।
