ग्वालियर के मन्नत होटल से दिनदहाड़े युवक का अपहरण, बदमाशों ने एक घंटे तक की मारपीट। पुलिस CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी। अधिक जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

ग्वालियर। स्थानीय महाराजपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डीडी नगर स्थित एक होटल में खाना खाने पहुंचे युवक को कुछ बदमाशों ने जबरन अगवा कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी युवक के चेहरे पर कपड़ा बांधकर उसे खींचते हुए वाहन में डालकर ले गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। गौरव ने पुलिस को बताया कि अपहरण करने वाले युवक उसे पुराने विवाद में गवाही बदलने के लिए मजबूर कर रहे थे।

गवाही बदलने के लिए बनाया दबाव
जानकारी के अनुसार, पीड़ित गौरव उर्फ टिल्ली यादव अपने साथियों के साथ दोपहर करीब 2 बजे होटल पहुंचा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां आए और उससे कहासुनी करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गौरव को जबरन अपहरण कर लिया। अस्पताल में भर्ती गौरव ने पुलिस को बताया अपहरण करने वाले युवक उसे धमकाकर पुराने विवाद में गवाही बदलने का दबाव बना रहे थे। उसने आरोप लगाया कि हेमू, दिम्मू और विजय पंडित नाम के लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। 

हालत बिगड़ी तो रास्ते में छोड़कर भागे
विरोध करने पर आरोपियों ने उसे करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। मारपीट के कारण जब गौरव की स्थिति खराब होने लगी, तो आरोपी उसे बीच रास्ते में छोड़कर भाग निकले। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। दिन के उजाले में होटल के अंदर से इस तरह अपहरण की घटना ने स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को डरा दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।