सरसपुरा गांव में जन्मदिन की पार्टी में हुई मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। रात में घर में सो रहे युवक पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

ग्वालियर। जिले बिजौली थाना क्षेत्र के सरसपुरा गांव में एक जन्मदिन पार्टी में हुए मामूली विवाद ने बाद में दर्दनाक रूप ले लिया। गांव के ऑफिसर सिंह के नाती के बर्थडे में रामसेवक उर्फ बल्ली गुर्जर को भी आमंत्रित किया गया था। पार्टी में ऑफीसर सिंह से उसकी मामूली कहासुनी हो गई थी।

इसके बाद रात में ऑफीसर सिंह दो लोगों के साथ पहुंचा और सो रहे राम सेवक की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई में गंभीर रूप से घायल रामसेवक की बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में ऑफिसर सिंह गुर्जर और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीसरे आरोपी की तलाश शुरु कर दी है। 

मामूली बात पर दोनों में हुई कहासुनी
यह घटना 3 मार्च की रात की है। पुलिस ने बताया 45 वर्षीय रामसेवक उर्फ बल्ली गुर्जर किसान था। वह मंगलवार को अपने परिचित ऑफिसर सिंह गुर्जर के घर आयोजित जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया। यह कार्यक्रम ऑफिसर सिंह के नाती के जन्मदिन के अवसर पर रखा गया था। समारोह के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। सभी को लगा कि विवाद खत्म हो गया है। लेकिन देर रात यह मामूली झगड़ा हिंसक घटना में बदल गया। 

सो रहे रामसेवक पर किया हमला
रात करीब साढ़े ग्यारह बजे ऑफिसर सिंह, उसका बेटा विनोद और एक रिश्तेदार सतीश गुर्जर रामसेवक के घर पहुंच गए। उस समय रामसेवक अपने घर की बैठक में सो रहा था। आरोपियों के हाथों में लाठी और अन्य हथियार थे, जबकि ऑफिसर सिंह के पास बंदूक थी। जैसे ही वे घर पहुंचे, उन्होंने बिना कोई बातचीत किए सो रहे रामसेवक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी और लुहांगी से उसके सिर, सीने, पेट और हाथ-पैर पर लगातार वार किए। जिससे रामसेवक गंभीर रूप से घायल हो गया। 

इलाक के दौरान रामसेवक की मौत
उसकी चीख सुनकर पास में सो रहे उसके भाई जाग गए, लेकिन तब तक हमलावर उसे बुरी तरह घायल कर चुके थे। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से भागने लगे और जाते समय उन्होंने बंदूक से फायर भी किए, ताकि कोई उनका पीछा न करे। घटना के बाद घायल रामसेवक को तुरंत ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी। आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति 
इस घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल पैदा हो गया है। पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए दो आरोपियों ऑफिसर सिंह और उसके बेटे विनोद को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जन्मदिन की पार्टी में हुई कहासुनी ही इस हमले की मुख्य वजह मानी जा रही है और मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।