Rajgarh News: मध्यप्रदेश। राजगढ़ से बुजुर्ग महिला के साथ हैवानियत का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। किसी ने 70 वर्षीय महिला की जीभ और नाक काट दी। ग्रामीणों को महिला खेत में तड़पते हुए मिली। लोगों ने उससे पूछा कि, यह किसने किया लेकिन महिला कुछ बोल नहीं पाई। तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरोपी का नाम नहीं बता पाई महिला
जब ग्रामीणों को महिला मिली तो उसके चेहरे पर गंभीर चोट थी। उसका पूरा मुंह खून से लथपथ था। ठीक से बोल न पाने के कारण वह आरोपी का नाम नहीं बता पाई। लोगों ने महिला का वीडियो भी बनाया जिसमें वह आरोपी का नाम लेने की कोशिश कर रही थी लेकिन उसके मुंह से शब्द ही नहीं निकले। मामला 4 मार्च का है। बुजुर्ग महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया था। खिलचीपुर अस्पताल में महिला की मौत हो गई।
झोपड़ी से गायब हो गई थी महिला
बुजुर्ग महिला अपने बेटे-बहु के साथ एक झोपड़ी में रहती थी। देर रात वह झोपड़ी से गायब हो गई। जब बेटे ने सुबह उसे ढूंढा तो वो कहीं नहीं मिली। इसके बाद अन्य ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश की गई तो वह खेत में मिली।
दुष्कर्म की आशंका
यह जानकारी भी सामने आई कि, जहां महिला घायल अवस्था में मिली वहीं एक चारपाई भी थी जो पूरी तरह खून से लथपथ थी। ऐसे में दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है जिसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। महिला के पोते को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इन्तजार कर रही है। इसके बाद ही मौत की वजह सामने आएगी।










