इंदौर। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध ने खाड़ी के देशों में वायु सेवाओं का परिचालन बुरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों का संचालन प्रभावित होने से भारत लौटने वाले यात्री बड़ी परेशानी में फंस गए हैं।शारजाह से इंदौर आने वाली फ्लाइट लगातार सातवें दिन रद्द रही है, जिससे प्रदेश के यात्रियों की चिंता बढ़ गई है। कई लोग अब भी यूएई में फंसे हुए हैं और उन्हें वापसी के लिए वैकल्पिक रास्ते तलाशने पड़ रहे हैं।
चार्टर्ड फ्लाइट में कई गुना महंगा किराया
नियमित उड़ानें बंद होने के कारण कुछ ट्रेवल कंपनियां यूएई से भारत के लिए चार्टर फ्लाइट्स चला रही हैं। लेकिन इन विशेष उड़ानों का किराया सामान्य टिकट की तुलना में काफी अधिक है। यात्रियों से 4 से 5 गुना तक ज्यादा किराया वसूला जा रहा है।
कई चार्टर फ्लाइट्स दुबई, शारजाह, अबू धाबी और फुजैरा से भारत के अलग-अलग शहरों के लिए संचालित की जा रही हैं। इन फ्लाइट्स में टिकट की कीमत लगभग 80 से 85 हजार रुपए तक पहुंच गई है, जिससे आम यात्री वित्तीय परेशानियों में फंस गए हैं।
शारजाह से कोच्चि उड़ान फिर शुरू
ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया के मुताबिक शारजाह से कुछ भारतीय शहरों के लिए उड़ान सेवाएं धीरे-धीरे शुरू हो रही हैं। हाल ही में शारजाह से कोच्चि के लिए एक नियमित फ्लाइट शुरू हुई है। हालांकि इंदौर के लिए उड़ान सेवा अभी तक शुरू नहीं की गई है। इसी कारण इंदौर आने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। यात्रियों को राहत देने के लिए कुछ ट्रेवल एजेंसियां वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था कर रही हैं।
दुबई में स्थिति सामान्य, कार्यालय खुले
जानकारी के अनुसार अलहिंद एयरलाइन ने स्पाइसजेट का विमान बुक कर फुजैरा से दिल्ली और मुंबई के लिए चार्टर फ्लाइट तय की है। इसके अलावा सतगुरु ट्रेवल्स ने एयर इंडिया का विमान बुक कर रसअलखेमा से मुंबई के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था की है, जिससे फंसे हुए लोगों को भारत लौटने का मौका मिल सके। दुबई में हालात सामान्य हैं। कार्यालय खुले हैं और रोजमर्रा की गतिविधियां भी सामान्य हैं। प्रशासन और स्थानीय लोग विदेशियों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
इंदौर के 8 लोग 4 दिन दुबई में फंसे रहे
इंदौर से दुबई गए आठ लोगों का एक समूह फ्लाइट रद्द होने के कारण चार दिन तक वहीं फंसा रहा। ये लोग 2 मार्च को भारत लौटने वाले थे, लेकिन उड़ान निरस्त होने से उनकी वापसी टल गई। बाद में उन्होंने फुजैरा से मुंबई के लिए चार्टर फ्लाइट में लगभग 85 हजार रुपये प्रति व्यक्ति देकर टिकट खरीदा। दुबई से मुंबई आने वाली उड़ानों का 7 मार्च का किराया करीब 61 हजार से 1.18 लाख तक रहा। वहीं, 8 मार्च को यह 54 हजार से 1.09 लाख रुपए के बीच है। 9 मार्च के टिकट 27 हजार से 82 हजार रुपए में उपलब्ध हैं।










