Logo
धार में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत, खुद पर चाकू से हमला CCTV में कैद, अधिक खून बहने से हुई मौत, पुलिस जांच जारी।

Dhar News: मध्यप्रदेश। धार से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि, एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने चाकू से अपनी कलाई काटी और गला भी रेत दिया। इतना ही नहीं इस व्यक्ति ने अपने प्राइवेट पार्ट को भी नुकसान पहुंचाया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने गुरुवार सुबह जब खून से लथपथ शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।

बहुत अधिक खून बहने से मौत
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज में युवक खुद पर हमला करते हुए नजर आ रहा था। बताया जा रहा है कि, बहुत अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान का कहना है कि, मृतक की पहचान कुणाल जोशी (उम्र-35) के रूप में हुई है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य इकठ्ठा किए हैं। सीसीटीवी फुटेज भी ले लिया गया है। मामले में आगे की जांच इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। 

जॉब छोड़ कर धार में शिफ्ट हुआ था मृतक
स्थानीय लोगों से पता चला है कि, कुणाल इंदौर की एक प्राइवेट कंपनी में इंजिनियर था। उसके पिता को पैरालिसिस हुआ तो उसे अपनी जॉब छोड़ कर धार में शिफ्ट होना पड़ा। बीते दो साल से वो अपने पिता की देखभाल कर रहा था। कुणाल के परिवार में उसका छोटा भाई और पिता हैं। मां के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है।

चाकू से खुद पर किए कई वार
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि, कुणाल एक चौपाटी के पास पहुंचा और चाकू निकालकर खुद पर एक के बाद एक कई वार करने लगा। उसने पहले अपने हाथ की नस काटी इसके बाद गले पर भी चाकू से वार किया। चौंकाने वाली बात यह है कि, कुणाल ने पैंट उतारकर अपने प्राइवेट पार्ट पर भी चाकू से वार किया। इसके बाद उसके शरीर से खून बहने लगा। घायल अवस्था में कुणाल अर्धनग्न होकर एक दुकान के सामने लेट गया और दोबारा अपनी गर्दन पर हमला करने लगा। 

कुणाल ने खुद के साथ ऐसा क्यों किया यह अब तक पता नहीं चला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कुणाल के भाई को सूचना दे दी गई है। इस मामले के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप है।

7