Logo
Crime News: मध्यप्रदेश-गुजरात बॉर्डर पर दुल्हन को किडनैप कर लिया गया। फिल्मी स्टाइल में बाइक से आए 15 से अधिक आरोपियों ने दुल्हे के सामने अपहरण की वारदात को अंजाम दिया।

झाबुआ/दाहोद। मध्यप्रदेश से गुजरात लौट रही बारात को बदमाशों ने घेर लिया। करीब 15 आरोपियों ने दुल्हे के सामने ही उसकी दुल्हन को किडनैप कर लिया। दुल्हे की शिकायत के बाद पुलिस ने 15 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना मध्यप्रदेश और गुजरात की बॉर्डर पर नवागाम चौराहे की है।  

आरोपियों ने घेर ली दुल्हा-दुल्हन की कार 
दरअसल, दाहोद तहसील के भाठीवाड़ा गांव के युवक रोहित अमलियार की शादी थी। वह रविवार को मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में बारात लेकर आया। यहां जालापाड़ा गांव में शादी होने के बाद रविवार दोपहर बारात गुजरात लौट रही थी, इस दौरान नवागाम चौराहे पर बाइक से करीब 15 से अधिक लोग वहां पहुंच गए और दुल्हे की कार को चारों तरफ से घेर लिया। बदमाशों ने दुल्हे समेत किसी पर हमला तो नहीं किया, लेकिन बदमाशों ने दुल्हे के ऊपर बंदूक तान दी और दुल्हन को किडनैप कर लिया।  

जानकारी के मुताबिक, आरोपी झाबुआ जिले के पतरा गांव निवासी महेश भूरिया है। आरोपी ने कार चालक को धमकी दी और कार की चाबी छीन ली। घबराकर कार चालक ने कार का गेट खोल दिया। इसी दौरान आरोपी ने दुल्हन को बाहर खींच लिया। दुल्हे के सामने आरोपी ने दुल्हन को किडनैप किया और सभी आरोपी दुल्हन को लेकर वहां से फरार हो गए। 

घटना के बाद फरियादी दुल्हा रोहित अमलियार कतवारा थाना पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के पतरा गांव के महेश भूरिया, दाहोद तहसील के गुदीखेड़ा गांव के नीलेश भाभोर, नरेश भाभोर, मध्य प्रदेश के पिटोल निवासी शैलेश मावी, जितेंद्र भाभोर और 10 अन्य बाइक सवार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

दो आरोपियों को हिरासत में लिया
दाहोद के उपाधीक्षक जगदीश भंडारी के अनुसार, पुलिस ने दाहोद जिले और मध्य प्रदेश सीमा तक अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की। इस दौरान दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। 

5379487