सीएम मोहन यादव आज ग्वालियर के घाटीगांव में लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम में 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में 1836 करोड़ रुपये की किस्त ट्रांसफर की जाएगी और 122 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन व लोकार्पण भी होगा।

भोपाल। प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव आज ग्वालियर जिले के घाटीगांव क्षेत्र के दौरे पर जाएंगे। वहां वह लाड़ली बहना योजना से जुड़े एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में एक साथ 1836 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ट्रांसफर करेंगे। यह राशि योजना की 34वीं किस्त के रूप में दी जा रही है। ग्वालियर की बात करें तो यहां की लगभग 3 लाख 2 हजार से अधिक महिलाओं को करीब 44 करोड़ 83 लाख रुपए की राशि उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।  

122 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
सीएम डॉ यादव अपने इस दौरे के दौरान केवल लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने तक ही सीमित नहीं रहेंगे। वह जिले के विकास से जुड़े कई कार्यों की शुरुआत भी करेंगे। इस दौरान लगभग 122 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। इनमें कुछ परियोजनाएं पूरी होकर जनता को समर्पित की जाएंगी, जबकि कई नई योजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने वाली योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया समेत कई नेता रहेंगे मौजूद
इस कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित राज्य सरकार के मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन में भाग लेंगे। इससे कार्यक्रम का राजनीतिक और प्रशासनिक महत्व भी बढ़ गया है। मुख्यमंत्री का दौरा धार्मिक कार्यक्रम से भी जुड़ा रहेगा। वे ग्वालियर पहुंचने के बाद देवनारायण मंदिर और शबरी माता मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे पहले वायुमार्ग से राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए घाटीगांव के पास बने हेलीपैड तक जाएंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे वापस भोपाल लौटेंगे।

प्रदेश सरकार का महिला सशक्तिकरण पर जोर
राज्य सरकार द्वारा शुरु की गई लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक आत्मविश्वास को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है। जून 2023 में शुरू की गई इस योजना के तहत अब तक करोड़ों महिलाओं को सीधे बैंक खातों में आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। हाल ही में सरकार ने मासिक सहायता राशि में भी बढ़ोतरी की है, जिसके बाद पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए मिल रहे हैं। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक मदद देना नहीं है, बल्कि महिलाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से भी जोड़ना है।