भोपाल में तीन दिवसीय युवा उद्यमी सम्मेलन शुरू हो रहा है, जिसमें 5 राज्यों के 15 शहरों से 200 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। छोटे तालाब में बोट रेस से कार्यक्रम की शुरुआत होगी और मुख्य सत्र का उद्घाटन मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे।

भोपाल। प्रदेश की राजधानी आज से तीन दिन तक देश के उभरते उद्यमियों और युवा पेशेवरों की मेजबानी करेगी। उद्योग जगत से जुड़े युवाओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) की युवा शाखा यंग इंडियन्स (वाईआई) के भोपाल चैप्टर द्वारा तीन दिवसीय वेस्टर्न रीजन काउंसिल मीटिंग 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश के अलग-अलग राज्यों से आए युवा उद्यमी और प्रोफेशनल्स हिस्सा लेंगे, जहां वे नेतृत्व, व्यापार और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विषयों पर विचार साझा करेंगे।

5 राज्यों के 200 से अधिक प्रतिभागी
इस सम्मेलन में प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा सहित कुल पांच राज्यों के 15 शहरों से करीब 200 से अधिक युवा प्रतिभागियों के शामिल होने की जानकारी है। इनमें विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे युवा बिजनेस लीडर्स, स्टार्टअप से जुड़े लोग और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन में कई अनुभवी उद्योगपति भी मौजूद रहेंगे, जो अपने अनुभव और विचारों के माध्यम से युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में कुहू शर्मा, सीपी शर्मा, अरुण राठौर और अनुज अग्रवाल जैसी उद्योग जगत की जानी-मानी हस्तियां भी हिस्सा लेंगी।  

बोट रेस से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन की शुरुआत 13 मार्च या आज शुक्रवार से होगी। कार्यक्रम का पहला चरण शहर की प्रसिद्ध छोटी झील पर आयोजित किया जाएगा। छोटी झील में दोपहर के समय प्रतिभागियों के बीच एक रोमांचक चप्पू दौड़ यानी बोट रेस का आयोजन किया जाएगा। इस गतिविधि का उद्देश्य युवाओं में टीम वर्क और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग करेंगे। 

कल आयोजित होगा मुख्य सत्र
इस मौके पर प्रतिभागियों को भोपाल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों से भी परिचित होने का अवसर मिलेगा। सम्मेलन का मुख्य सत्र अगले दिन यानी 14 मार्च शनिवार कोआयोजित किया जाएगा। इस दिन शहर के प्रसिद्ध ताज लेकफ्रंट भोपाल में कॉन्फ्रेंस का औपचारिक उद्घाटन होगा। इस उद्घाटन सत्र में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न उद्योग समूहों के प्रतिनिधि युवा प्रतिभागियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। उन्हें व्यवसाय, नेतृत्व और नवाचार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे।

अंतिम दिन वन विहार घूमेंगे प्रतिभागी
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा उद्यमियों को नेटवर्किंग का अवसर प्रदान करना भी है, ताकि वे एक-दूसरे से सीख सकें और भविष्य में नए व्यावसायिक अवसरों को विकसित कर सकें। इसके अलावा आयोजन के दौरान सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। 
कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागियों को वन विहार नेशनल पार्क का भ्रमण कराया जाएगा। यहां उन्हें जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।