Logo
भोपाल में विधानसभा सत्र के दौरान महिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। सिलेंडर, चूल्हा और रसोई के सामान के साथ ‘रसोई संसद’ लगाकर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

भोपाल। विधानसभा सत्र के दौरान महिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ आज मंगलवार को जबर्दस्त प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष रीना बोसी सेठिया ने किया। महिला कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्रित हुईं और घरेलू रसोई से जुड़े सामान जैसे खाली कड़ाही, चकला-बेलन, गैस सिलेंडर और थालियां लेकर जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने थालियां बजाकर और रोटियां बेलकर सरकार के खिलाफ नाराजगी प्रकट की। 

महंगाई से सीधे प्रभावित होती हैं महिलाएं
अनोखे प्रदर्शन के जरिए उन्होंने यह दिखाने का प्रयास किया कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर घर की रसोई पर पड़ रहा है और महिलाएं इससे सीधे तौर पर प्रभावित हो रही हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि रसोई का पूरा बजट बिगड़ चुका है। दाल, चावल, आटा, खाद्य तेल और अन्य जरूरी सामान की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम परिवारों को घर चलाने में मुश्किल हो रही है। 

विरोध प्रदर्शन को ‘रसोई संसद’ नाम दिया
गरीब और मध्यम वर्ग की महिलाएं भीषण आर्थिक दबाव झेल रही हैं। गैस सिलेंडर की कीमत अधिक होने के कारण कई परिवार उसे भरवाने में असमर्थ हैं। महिला कांग्रेस ने अपने विरोध प्रदर्शन को ‘रसोई संसद’ नाम दिया, ताकि यह संदेश दिया जा सके कि असली मुद्दा आम घरों की परेशानियां हैं। रीना बोसी सेठिया ने चेतावनी दी कि यदि आगामी बजट में महंगाई से राहत देने वाले ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। 

 400 रुपए होनी चाहिए सिलेंडर की कीमत
प्रदर्शन के दौरान उज्ज्वला योजना की स्थिति पर भी सवाल उठाए गए। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमत कम कर इसे 400 रुपए तक लाया जाए। उन्होंने कहा पहले सिलेंडर इसी दर पर उपलब्ध था। अब कीमतों में भारी बढ़ोतरी ने घरेलू बजट को असंतुलित कर दिया है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि महिलाओं की परेशानियों को समझते हुए जल्द राहत दी जाए।

5379487