Bhopal Bomb Threat: मध्यप्रदेश। भोपाल स्थित जेके मेडिकल यूनिवर्सिटी, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी और जेके हॉस्पिटल एवं एलएन मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि, ईमेल में सीरियल बम धमाकों की बात कही गई है। इसके पहले पीपुल्स यूनिवर्सिटी और नापतौल कार्यालय को भी इसी तरह की धमकी ईमेल के जरिए मिली थी।
संस्थान द्वारा धमकी भरे ईमेल मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद से बॉम्ब डिस्पोजल और डॉग स्क्वाड की टीम सर्च कर रही हैं। पूरे कैम्पस में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। धमकी भरा ईमेल भेजने वाले ने परिसर में 21 बम होने का दावा किया था।
ईमेल में लिखा है कि, कॉलेज कैंपस प्रिंसिपल के दफ्तर/बाथरूम में जहरीली गैस से भरे 21 बम रखे गए हैं, जो दोपहर 1:30 बजे फटेंगे। दोपहर की इस्लामी नमाज के समय से पहले सभी को वहां से निकाल लें। गौरतलब है कि, इस ईमेल में भी वही बातें लिखी गई है जो नापतौल कार्यालय को मिले मेल में लिखी गई थी। नापतौल कार्यालय में जांच के बाद पुलिस को कोई संदिग्ध वास्तु नहीं मिली थी।
नापतौल कार्यालय को लगातार दूसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हालांकि मेल में RDX से उड़ाने की बात कही गई थी। दावा किया गया था कि, ड्रोन के जरिए चार छोटे-छोटे आरडीएक्स बम लगाए गए हैं जो मंगलवार दोपहर 2 बजे फटेंगे। मेल में यह भी कह गया था कि, सभी कर्मचारियों को तुरंत कार्यालय से बाहर निकला लिया जाए।
बॉम्ब थ्रेट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। नापतौल कार्यालय में जांच की गई। सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। हालांकि जांच करने वाले अधिकारियों का कहना था कि, उन्हें जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुट गई है।