Indore News: इंदौर, मध्यप्रदेश। बड़वानी जिले में इंदौर लोकायुक्त ने ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि, BRC महेंद्र सिंह राठौर ने फरियादी से शौचालय निर्माण से जुड़े काम को लेकर रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने पर बुधवार को लोकायुक्त टीम ने भ्रष्ट अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
शौचालय निर्माण की राशि से मांगा हिस्सा
बताया जा रहा है कि, पेशे से शिक्षक जितेंद्र सोनी ने लोकायुक्त में शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि, 'स्कूल में बालिका शौचालय निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हुई थी। इसके तहत निर्माण के लिए 20 हजार रुपए मिलने थे। BRC महेंद्र सिंह राठौर और सब इंजीनियर ने कहा कि, केवल 15 हजार रुपए में शौचालय का निर्माण कर दो और बाकी बचे पांच हजार में से दो-दो हजार रुपए वे रखेंगे और एक हजार बड़वानी में देंगे।'
टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा
जितेंद्र सोनी की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एक टीम गठित की गई। बुधवार को रिश्वत की राशि दी जानी थी। सोनी ने BRC महेंद्र सिंह राठौर को उसके घर के पास बने एटीएम के पास बुलाया। सोनी ने पांच हजार रुपए निकालकर महेंद्र सिंह राठौर को दिए। इसके बाद मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि, BRC महेंद्र सिंह राठौर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।










