अनूपपुर में NH-43 पर तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई। दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत, 2 गंभीर घायल। शहडोल से लौटते समय हुआ हादसा, जांच जारी।

अनूपपुर जिले में नेशनल हाईवे-43 पर गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतमा थाना क्षेत्र के निगवानी तिराहा के पास, राजेंद्र फिलिंग स्टेशन के नजदीक एक तेज रफ्तार कार आगे चल रही डीजल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे में कार चालक प्यारे शर्मा (45) और गीता पनिका (44) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों राजनगर के रहने वाले थे। वहीं, कार में सवार मीना देवांगन (33) और हरिशंकर चतुर्वेदी (62) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी लोग शहडोल से इलाज कराकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक समय रहते ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं देख पाया। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा पलटी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा।

सूचना मिलते ही कोतमा पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।