भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में देर रात बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। यहां स्प्रिंग वैली क्षेत्र में स्थित एक रजाई-गद्दे की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी लपटें करीब 20 फीट तक ऊपर उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी, लेकिन समय अग्निशमन वाहन नहीं पहुंचने से काफी नुकसान हो गया।
दमकल की देरी ने बढ़ाया नुकसान
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद दमकल करीब 45 मिनट की देरी से घटनास्थल पर पहुंची। इस देरी के कारण आग और अधिक फैल गई और दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। आगजनी की इस घटना में कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
लोगों ने कीं आग बुझाने की कोशिशें
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बिना दमकल की मदद के उस पर काबू पाना मुश्किल साबित हुआ। लोगों ने फायर स्टेशन को सूचना दी, लेकिन राहत कार्य शुरू होने में काफी समय लग गया। गाड़ियां काफी देर से घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
दमकल वाहन में आई तकनीकी समस्या
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि एक ओर दमकल की गाड़ी देर से पहुंची और फिर उसमें तकनीकी खराबी आ गई। कर्मचारियों ने गाड़ी को ठीक करने के लिए कुछ देर तक प्रयास किया। जरूरी सामान जुटाने के बाद वाहन ठीक हुआ तब आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू हो सकी। इस देरी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक दुकान में रखे रजाई गद्दे और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई थी।
आपातकालीन तैयारियों पर उठे सवाल
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि यदि दमकल समय पर पहुंचती और वाहन में कोई खराबी नहीं होती, तो नुकसान को कम किया जा सकता था। इस घटना ने एक बार फिर शहर की आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गर्मी का सीजन आ गया है और इस मौसम में आगजनी की घटनाएं बहुत बढ़ जाती हैं। ऐसे में अग्निशमन से जुड़ी तैयारियां दुरुस्त रखने की जरूरत है।










