Logo
election banner
Heat wave: झारखंड के 11 जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया। अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री पार कर गया है।

Heat wave: झारखंड की उप राजधानी दुमका में गर्मी का कहर जारी है। मंगलवार को नगर थाना क्षेत्र के जिला नियंत्रण कक्ष के पास दो युवक भीषण गर्मी के कारण बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने तत्काल दोनों युवकों को फूलों झानो मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया है। 

मृतक की पहचान जरुवाड़ीह निवासी शिवकुमार मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा की युवक मजदूरी करने के लिए घर से निकला था। फिलहाल शिवकुमार मंडल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आशंका जताई जा रही कि भीषण गर्मी और लू लगने से दोनों युवक मूर्छित होकर गिरे थे। 

झारखंड के 11 जिले गर्मी की चपेट में
इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में झारखंड के 11 जिले हैं। इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। झारखंड के अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री पार कर गया। भीषण गर्मी और लू के कारण स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में केजी से लेकर 8वीं तक की कक्षाएं अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दी हैं। साथ ही कक्षा 9 से ऊपर की कक्षाओं को सुबह 7:00 से 11:30 तक संचालित करने का आदेश जारी किया है।

पारा 43 डिग्री के पार
बता दें, भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट है। झारखंड में सबसे ज्यादा गर्मी बहरागोड़ा में दर्ज की गई, जहां का तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सरायकेला का 45.1 डिग्री, गोड्डा का 44.6 डिग्री, सिंहभूम का 43.4 डिग्री, पाकुड़ का 43.5 डिग्री, गढ़वा का 43.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही झारखंड के अधिकांश जिलों का तापमान वर्तमान में 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। 


 

5379487