सिरसा में डेंटिस्ट पर हमला: तेजधार हथियार से 4 लोगों ने डॉक्टर पर किया वार, दो साल पहले हुआ था झगड़ा

Sirsa Crime News
X
सिरसा में घायल डॉक्टर को अस्पताल ले जाते हुए।
Sirsa Crime News: सिरसा में चार युवकों ने डॉक्टर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Sirsa Crime News: सिरसा से डेंटल हॉस्पिटल के डॉक्टर पर तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने अस्पताल में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। हादसे में डॉक्टर को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आज 15 नवंबर शुक्रवार को पीड़ित डॉक्टर की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

दांत दिखाने के बहाने हमला

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित डॉक्टर की पहचान दीपक के रूप में हुई है। डॉक्टर दीपक मेला ग्राउंड के रहने वाले हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में डॉक्टर दीपक ने बताया कि बेगू रोड पर उनका जेआर डेंटल नाम से अस्पताल है। डॉक्टर का कहना है कि गुरुवार 14 नवंबर की रात को वह अस्पताल में अकेले बैठे हुए थे।

उस दौरान एक लड़का दिखाने के बहाने उनके अस्पताल में आ गया। जब डॉक्टर दीपक युवक से बात कर रहे थे, कुछ देर बाद तीन अन्य युवक भी अस्पताल में घुस आए। डॉक्टर ने बताया कि तीनों के पास तेजधार हथियार थे। चारों हमलावरों ने डॉक्टर पर हमला करना शुरू कर दिया। डॉक्टर के शोर मचाने पर चारों मौके से फरार हो गए।

Also Read: पानीपत में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़, महिला सरपंच के ससुर को गोली मारने वाला एक अरेस्ट, दूसरा फरार

दो साल पहले हुआ था झगड़ा

डॉक्टर दीपक ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि 2 साल पहले बेगू रोड पर स्थित लीलावती मेडिकल स्टोर के मालिक राहुल सोनी से उनका झगड़ा हो गया था। डॉक्टर दीपक का कहना है कि बदले की भावना से राहुल सोनी और उसके साले विक्की ने उन पर ये हमला करवाया है।

फिलहाल पुलिस ने घायल डॉक्टर के बयान के आधार पर अज्ञात चारों हमलावर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वह लीलावती मेडिकल स्टोर के संचालक से भी इस मामले में पूछताछ करेगी। फरार हमलावरों की भी तलाश जारी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story