रेवाड़ी में महिला के साथ दुष्कर्म: बेहोशी की हालत में युवक ने दिया वारदात को अंजाम, अश्लील वीडियो बनाकर कर रहा ब्लैकमेल

Khol Police Station Premises.
X
खोल थाना परिसर। 
हरियाणा के रेवाड़ी में महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर युवक ने होटल में दुष्कर्म किया। साथ ही अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।

रेवाड़ी: डहीना पुलिस चौकी के अंतर्गत एक गांव निवासी महिला के साथ गांव के ही युवक ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर एक होटल में दुष्कर्म किया। दुष्कर्म (Rape) करते समय आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली, जिसके आधार पर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़ित महिला ने शुक्रवार को डीएसपी डॉ. रविंद्र सिंह से न्याय की गुहार लगाई, तो डीएसपी ने एएसएचओ खोल को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महिला ने सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज कराई है।

आरोपी ने जबरन किया था दुष्कर्म

सीएम विंडो पर दर्ज शिकायत में महिला ने बताया कि उसका पड़ोसी अशोक नामक युवक उसे काफी समय से परेशान कर रहा है। 10 मई 2023 को आरोपी अशोक ने उसे गांव के बस स्टैंड पर जबरन अपनी कार में बैठा लिया और जबरदस्ती उसे कोल्ड ड्रिंक पिला दी, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोपी उसे कनीना के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना ली। आरोपी उसे बार-बार संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा है। उसने मना किया तो आरोपी वीडियो (Video) वायरल करने की धमकी दे रहा है। अशोक के परिजन भी उसके साथ मारपीट करने पर उतारू हो जाते हैं।

कोर्ट ले जाकर कागजों पर करवाए साइन

महिला ने आरोप लगाया कि दुष्कर्म करने के बाद आरोपी अशोक उसे कोर्ट ले गया। उससे जबरन कागजों पर साइन करा लिए। इसके बाद वह बोल रहा है कि उसने लीव-इन के कागजात तैयार करा लिए हैं। अब उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। महिला का कहना है कि समाज के डर से वह काफी समय तक चुप रही। इसके बाद डहीना पुलिस चौकी को शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। डीएसपी ने एसएचओ खोल से फोन पर बात करने के बाद उसे आश्वासन दिया कि इस मामले में पुलिस जल्द आरोपी के खिलाफ एक्शन लेगी।

जायज हैं महिला के लगाए आरोप

एसएचओ खोल प्रहलाद सिंह ने बताया कि महिला ने पुलिस शिकायत में जो आरोप लगाए गए हैं, उनमें काफी हद तक सच्चाई नजर आ रही है। डीएसपी से मिलने के बाद पीड़िता थाने आई थी। उसकी शिकायत दर्ज की गई है। जल्द आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story