Logo
पूर्व वित्तमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता कैप्टन अभिमन्यु ने रेवाड़ी में कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए। साथ ही संजय भाटिया को राज्यसभा भेजने के भाजपा के निर्णय की सराहना कर कहा कि भाजपा जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतर रही है।

हरियाणा के रेवाड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के आंतरिक हालात उजागर हो चुके हैं। पार्टी के अंदर तैयार हो रहा ज्वालामुखी कभी भी फट सकता है। कांग्रेस अब एक राजनीतिक दल या संगठन की जगह चंद लोगों का गिरोह बन चुका है, जो सत्ता हासिल करने के लिए हाथ-पैर मार रहा है।

इस गिरोह में शामिल लोग किसी भी तरीके से सत्ता हासिल करने के बाद परिवारवाद व जातिवाद का नंगा नाच नाचने के लिए ताकत लगा रहे हैं। भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक लेने आए कैप्टन अभिमन्यु ने यह बात बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कही। 

अगर एक वोट निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में डलता तो कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ती 
उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, जबकि चार के वोट खारिज हो गए। कांग्रेस प्रत्याशी महज आधे वोट से चुनाव जीतने में कामयाब हुए हैं। अगर एक वोट निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में डलता तो कांग्रेस को इस चुनाव में मुंह की खानी पड़ती। कांग्रेस पार्टी में आंतरिक ज्वालामुखी कभी भी फट सकता है, जो इस पार्टी को रसातल पर पहुंचाने का काम करेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्यसभा भेजने के लिए संजय भाटिया जैसे श्रेष्ठ कार्यकर्ता को चुनकर प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम किया है। भाजपा का दायित्व जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का है, जिस कारण पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विपक्ष की भूमिका निभाने में भी पूरी तरह फेल साबित हुई है।  

विपक्ष पूरी तरह से नेतृत्व विहीन 
वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह इस बात का खुलासा कर चुके हैं कि संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की उपस्थिति महज 50 प्रतिशत रही है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर सांसदों की उपस्थिति का औसत 75 प्रतिशत है। कम उपस्थिति में भी राहुल गांधी संसद चलने की राह में रोड़े अटकाने के पूरे प्रयास करते हैं।

विपक्ष पूरी तरह से नेतृत्व विहीन, दिशा विहीन, मुद्दा विहीन व विचार विहीन हो चुका है। ऐसे हालात में देश और प्रदेश की जनता का हित भाजपा के हाथों में पूरी तरह सुरक्षित है। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व के चलते अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध के चलते अन्य देशों की तरह भारत को किसी तरह के संकट का सामना नहीं करना पड़ रहा है। 

लोकतंत्र में नहीं इनेलो का विश्वास
कैप्टन अभिमन्यु ने इनेलो पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में मतदान लोकतांत्रिक प्रणाली का हिस्सा है। इनेलो ने वाटिंग से बचते हुए लोकतांत्रितक प्रणाली का अपमान किया है। इनेलो विधायक अगर कांग्रेस के विरोध में मतदान करते, तो कांग्रेस को राज्यसभा चुनाव में मात का सामना करना पड़ता। इस चुनाव में खुद को तटस्थ रखकर इनेलो ने एक तरह से कांग्रेस का साथ दिया है।

इनेलो ने आजाद उम्मीदवार के पक्ष में मतदान नहीं करके परोक्ष रूप से कांग्रेस का साथ दिया है। इनेलो ने खुद को कांग्रेस की विचारधारा का समर्थक साबित कर दिया है। अब आने वाले समय में इसका फैसला प्रदेश की जनता को करना है। 

तकनीकी कमी से कैंसिल हुआ भाजपा का एक वोट 
राज्यसभा चुनाव में भाजपा का एक वोट कैंसिल होने के सवाल पर कैप्टन अभिमन्यु ने स्पष्ट किया कि इसके पीछे कोई दुर्भावना नहीं थी। एक वोट कैंसिल होने के पीछे तकनीकी कारण रहे होंगे। कांग्रेस के तो चार वोट खारिज हो गए।

इसके बावजूद भाजपा इस पर मुद्दे पर विवेचना जरूर करेगी। अगर एक वोट भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार को मिलता तो निश्चित रूप से कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ता। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना पोपली, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रीतम चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील मुसेपुर, हिमांशु पालीवाल, अमित यादव, कुलदीप चौहान, डा. कविता गुप्ता, रत्नेश बंसल, सुनील ग्रोवर व पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

7