Logo
तीन बच्चों समेत परिवार के 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाका इतना शक्तिशाली था कि घर की दीवारें चटक गईं और रसोई का दरवाजा उखड़कर दूर जा गिरा।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र के यारा गांव में बुधवार सुबह एक घर में रसोई गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में तीन मासूम बच्चों सहित परिवार के कुल 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घर की दीवारें चटक गईं और रसोई का दरवाजा उखड़कर काफी दूर जा गिरा।

सुबह के समय रसोई में हुआ भीषण धमाका
यह घटना बुधवार सुबह लगभग 6:30 बजे की है। यारा गांव की निवासी गीता देवी अपनी रसोई में सुबह का भोजन तैयार कर रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में रिसाव हुआ और देखते ही देखते जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। चूंकि उस समय परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे, वे भी आग की लपटों की चपेट में आ गए। पूरे घर में चीख-पुकार मच गई और धमाके की गूंज से आसपास का पूरा मोहल्ला दहल उठा।

घायलों को पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल 
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने पीड़ितों को मलबे और आग से बाहर निकाला। सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में परिवार के मुखिया रुपेंद्र कुमार (55), उनकी पत्नी गीता देवी (52), बेटा कर्ण (26), बहू कोमल (24), 4 वर्षीय पोती वैष्णवी, 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला चरणों देवी और भतीजा बांका शामिल हैं। शाहाबाद के एक अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत कर्ण की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया गया है। 

धमाके से हिले पड़ोसियों के घर 
लोगों का कहना है कि धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के घरों में भूकंप जैसे झटके महसूस किए गए। रसोई की टाइलें चकनाचूर हो गईं और कमरों की दीवारों में गहरी दरारें आ गई हैं। आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

पिन निकलने से गैस का रिसाव तेजी से हुआ 
शुरुआती जांच और दमकल विभाग के अनुसार सिलेंडर की पिन प्रेशर की वजह से अचानक निकल गई थी। पिन निकलने से गैस का रिसाव तेजी से हुआ और आग पकड़ते ही सिलेंडर फट गया।
पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने बताया सुबह उठते ही उसे गैस की तेज गंध महसूस हुई। जब उसने अपने घर की जांच की तो सब ठीक था, लेकिन बाहर आने पर पता चला कि गंध रुपेंद्र जी के घर से आ रही है। वह उन्हें सचेत करने के लिए आगे बढ़ा ही था कि तभी एक भीषण धमाका हो गया। 

मौके पर मची अफरा-तफरी 
एक अन्य पड़ोसी ने बताया कि धमाके की आवाज सुनते ही जब वे घर की ओर दौड़े, तो मंजर बेहद खौफनाक था। परिवार के सदस्यों के कपड़े जल चुके थे और वे बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में मदद की गुहार लगा रहे थे। घर के फर्श पर आग की लपटें तैर रही थीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया और घायलों को एम्बुलेंस तक पहुंचाया। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

7