बेमेतरा। बेमेतरा जिले के शासकीय प्राथमिक शाला चोरभट्टी के 6 छात्रों का जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन हुआ है। इससे गांव और स्कूल में खुशी का माहौल है। बताया जा रहा है कि, पिछले वर्ष एक भी छात्र का चयन इस विद्यालय से जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए नहीं हो पाया था। वहीं इस वर्ष इस विद्यालय ने इतिहास रचते हुए एक साथ 6 छात्रों का चयन सुनिश्चित किया है।
इस अद्भुत सफलता के पीछे विद्यालय के समर्पित शिक्षक देवराम साहू की अथक मेहनत और दृढ़ संकल्प है। उन्होंने असफलता को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और अपनी मेहनत को चार गुना बढ़ा दिया। तपती गर्मी के महीने मई में भी उन्होंने बच्चों के लिए विशेष नवोदय समर क्लास का आयोजन किया। प्रतिदिन मॉडल पेपर तैयार करना, नियमित परीक्षा लेना और बच्चों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन देना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया। उनकी इसी निष्ठा और समर्पण ने बच्चों के भविष्य को नई दिशा दी।
चयनित विद्यार्थियों के नाम
जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों में प्रीति निषाद, कपिल वर्मा, नमन वर्मा, सोहम, तुषार, हर्ष ध्रुव के नाम शामिल है। इस सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। संस्था प्रमुख कोमल प्रसाद सिन्हा, सहायक शिक्षक आशुतोष चौबे, ज्ञानदान करने वाली भुनेश्वरी वर्मा, पूनम मानिकपुरी, शाला विकास समिति के अध्यक्ष भागवत वर्मा, सदस्य जितेंद्र मानिकपुरी, जनपद सदस्य प्रतिनिधि मीनाराम सिन्हा ने हर्ष व्यक्त करते हुए शिक्षक और छात्रों को बधाई दी है।
गांव में खुशी का माहौल
यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह दिखाती है कि लगन, मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। आज पुरा का पुरा गाँव उत्साहित है और क्षेत्र गौरवान्वित है।









