Logo
election banner
Weather Update: राजधानी दिल्ली समेत हरियाणा और चंडीगढ़ में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक के बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

Weather Update: हरियाणा में लगभग एक महीने से हाड़ कंपाने वाली सर्दी का दौर जारी है। कड़ाके की सर्दी की वजह से लोगों का जनजीवन प्रभावित है। प्रदेश के लोगों को सर्दी के साथ आसमान से बरस रही सफेद आफत (पाला) का भी सामना करना पड़ रहा है। धुंध के चलते ट्रेनों, बसों और हवाई उड़ानों में देरी हो रही है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी शून्य तक देखने को मिल रही है। आज हरियाणा के रेवाड़ी में न्यूनतम पारा एक डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो 26 जनवरी तक सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

23 से 25 जनवरी तक छाएगा घना कोहरा

प्रदेश में बीते कई दिनों से धूप न निकलने की वजह से ठिठुरन बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के साथ चंडीगढ़ और हरियाणा में 23 से 25 जनवरी तक रात और सुबह के समय घना कोहरे छाए रहने की संभावना है। इस दौरान विजिबिलिटी 50 मीटर रहने की संभावना है। हालांकि 26 जनवरी के बाद इसमें थोड़ा राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने सड़क पर चलने वाले लोगों को एहतियात बरतने की अपील की है। विभाग के मुताबिक घने कोहरे के दौरान सड़क पर चलते वाहन धीरे चलाएं और फॉग लाइट को ऑन कर ही सड़कों पर चलें। बता दें कि प्रदेश में आज रविवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा है। कोहरे के चलते प्रदेश के 10 जिलों में विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई है। कई जिलों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। वहीं, महेंद्रगढ़ जिले में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। रेवाड़ी के बाद महेंद्रगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें:- Weather Updates Today: हरियाणा में हाड़ कंपा देने वाली ठंड, धूप न निकलने से ठिठुर रहे लोग, जानें कब मिलेगी राहत

दिल्ली के मौसम का क्या हाल 

वहीं, राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय घने कोहरे के बाद दोपहर में हल्की धूप खिली। लेकिन सर्द हवा के चलते अधिक राहत महसूस नहीं हुई। मौसम विभाग की तरफ से आज दिल्ली में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। वहीं, आने वाले 3-4 दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है। हालांकि इसके बाद मौसम साफ होने की संभावना है। उधर, चंडीगढ़ में भी तापमान गिरावट देखने को मिल रही है। लगातार दूसरे दिन भी धूप नहीं खिलने और दिनभर शीतलहर चलने से लोग बेहाल रहे। इसकी वजह से चंडीगढ़ का अधिकतम पारा सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। 

5379487