haribhoomi hindi news
भिवानी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह के दौरान सोशल मीडिया पर अश्लीलता और किसानों की समस्याओं पर अपनी राय रखी। इस दौरान उन्होंने मेधावी बच्चों को पुरस्कृत भी किया। इसके साथ ही उन्होंने कलाकारों और इन्फ्लुएंसर को भी नसीहत दी।

National Talent Development Forum: सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल शनिवार को भिवानी पहुंचीं, जहां उन्होंने महिला सशक्तिकरण, सोशल मीडिया पर अश्लीलता और किसानों की समस्याओं जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी राय रखी। राष्ट्रीय प्रतिभा विकास मंच द्वारा आयोजित छात्र-छात्रा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए उन्होंने मेधावी बच्चों को पुरस्कृत भी किया।

 

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर बड़ा अपडेट
पत्रकारों से बातचीत में सुनीता दुग्गल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की महिला शक्ति को सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' लाया है। उन्होंने बताया कि आगामी 16 से 18 अप्रैल को संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र में इसे कुछ संशोधनों के साथ पेश किया जा सकता है। इस कानून के लागू होने से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिसका प्रभावी असर 2029 के चुनावों में स्पष्ट दिखाई देगा।

आपत्तिजनक कंटेंट पर रोक लगाए सरकार
सोशल मीडिया पर बढ़ते गन कल्चर और फूहड़पन पर हरियाणा महिला आयोग की सख्ती का समर्थन करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि यह बदलते समय की मांग है कि आपत्तिजनक कंटेंट पर सरकार रोक लगाए। उन्होंने कलाकारों और इन्फ्लुएंसर से अपील की "कोई भी कंटेंट बनाने से पहले उसे अपने परिवार के साथ बैठकर देखें। अगर वह परिवार के साथ देखने लायक है, तभी उसे सार्वजनिक करें।"

किसानों की समस्याओं पर चितां जताई
मंडियों में फसल खरीद के नए नियमों के कारण किसानों को हो रही परेशानियों पर दुग्गल ने कहा कि किसान हमारा अन्नदाता है और उनके हितों के खिलाफ कोई कानून नहीं होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री से बात करेंगी ताकि नियमों में आवश्यक छूट दी जा सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसान सम्मान निधि जैसे माध्यमों से किसानों को निरंतर लाभ पहुंचा रही है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7