रोहतक जिले के लाखन माजरा थाना क्षेत्र के गांव बैंसी में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। 

खाना पकाने के लिए लकड़ियां लेने जा रही दो महिलाओं को हरियाणा रोडवेज की बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।

हादसे का विवरण
बैंसी निवासी रेखा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पड़ोसन सुमन के साथ सुबह करीब 11:30 बजे बैंसी पेट्रोल पंप की ओर लकड़ियां तलाशने जा रही थीं। दोनों महिलाएं सड़क के किनारे अपनी सही दिशा में चल रही थीं, तभी भिवानी डिपो की एक तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने उन्हें लापरवाही से टक्कर मार दी।

उपचार के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत दोनों महिलाओं को लाखन माजरा सीएचसी पहुँचाया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में इलाज के दौरान सुमन पत्नी सतीश ने दम तोड़ दिया, जबकि रेखा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने बस चालक की पहचान भिवानी जिले के तिगड़ाना निवासी बिशल सिंह के रूप में की है। मृतका के परिजनों और घायल महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।