Logo
Panchkula School Bus Accident: पंचकूला में स्कूल बस के ब्रेक फेल हो गए, लेकिन ड्राइवर ने समझदारी दिखाते हुए बस को खाई की तरफ जाने से रोक लिया और स्टूडेंट्स की जान बचा ली। लेकिन इस हादसे में 20 स्टूडेंट्स घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।

Panchkula School Bus Accident: पंचकूला के मोरनी एरिया में आज सुबह 29 मार्च रविवार को स्टूडेंट्स को नेचर कैंप लेकर जा रही स्कूल बस के ब्रेक फेल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 50 स्टूडेंट सवार थे। बस के ब्रेक फेल होने के दौरान सभी स्टूडेंट्स घबरा गए और उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से सभी स्टूडेंट्स की जान बच गई। 

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा आज सुबह करीब 10 बजे हुआ है। महेंद्रगढ़ और नारनौल से आए स्कूल के स्टूडेंट्स मोरनी में एडवेंचर गतिविधियों में भाग लेने के बाद वापस पिंजौर जा रहे थे, उसी दौरान पहाड़ी रास्ते पर अचानक से बस के ब्रेक फेल हो गए और बस बेकाबू हो गई।

ड्राइवर ने बस को कैसे किया काबू ?

ऐसा कहा जा रहा है कि तकरीबन 400 मीटर तक बस ऐसे ही दौड़ती रही, वहीं बस में बैठे स्टूडेंट्स घबरा गए और उन्होंने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख बस ड्राइवर नरेंद्र पाल ने समझदारी दिखाते हुए उन्होंने बस को जैसे-तैसे खाई की ओर जाने से बचाने के लिए पहाड़ की तरफ मोड़ दिया। बस पहाड़ से टकराकर धीरे-धीरे रुक गई, जिसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि इस हादसे में कई लोगों के जानमाल को नुकसान हो सकता था। 

20 स्टूडेंट्स को आईं हल्की चोट

 इस हादसे में करीब 20 छात्र-छात्राओं को चोटें आईं। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस और प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य को शुरू कर दिया। जिसके बाद सभी स्टूडेंट्स को दूसरी बस में बैठाकर पंचकूला के अस्पताल पहुंचा दिया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों को मामूली चोटे आई हैं, और उनकी हालत स्थिर है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।  

7