Logo
फिल्म निर्देशक के जुहू स्थित आवास पर हुई फायरिंग के मामले में साझा ऑपरेशन चलाकर पुलिस ने झज्जर जिले के गांव अमादलपुर से लॉरेंस गैंग के तीन शूटरों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

हरियाणा के झज्जर जिले से हरियाणा STF और मुंबई पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन शूटरों समेत चार आरोपियों को धर दबोचा है। इन लोगों पर मुंबई के जाने-माने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी में शामिल होने का आरोप है। ये गिरफ्तारियां झज्जर जिले के गांव अमादलपुर में निर्माणाधीन साइट से की गई हैं। 

हरियाणा और मुंबई पुलिस ने चलाया संयुक्त ऑपरेशन  
31 जनवरी की रात मुंबई के जुहू स्थित रोहित शेट्टी के घर पर रंगदारी (उगाही) के इरादे से फायरिंग की गई थी। इस घटना के बाद से ही मुंबई पुलिस लगातार शूटरों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। जांच के दौरान इन अपराधियों के हरियाणा में छिपे होने के पुख्ता सुराग मिले। इनपुट मिलते ही बहादुरगढ़ एसटीएफ के इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। एसटीएफ और मुंबई पुलिस की संयुक्त टीम ने झज्जर के माछरौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अमादलपुर गांव में दबिश दी और घेराबंदी कर चारों आरोपियों को काबू कर लिया।

निर्माणाधीन साइट को बनाया था ठिकाना 
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रितिक, दीपक, सन्नी और सोनू के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी रितिक इस निर्माणाधीन साइट पर मजदूरी का काम कर रहा था। उसी ने वारदात को अंजाम देने के बाद अपने अन्य तीनों साथियों को यहां लाकर छिपाया था। पुलिस ने इनके पास से एक अवैध पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है। 

आरोपियों का प्रोफाइल और आपराधिक रिकॉर्ड 
पकड़े गए आरोपियों में से रितिक, सन्नी और सोनू उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बहाबीजोली गांव के निवासी हैं, जबकि चौथा आरोपी दीपक यूपी के ही सादरपुर गांव का रहने वाला है। आरोपियों के खिलाफ मुंबई में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 37(1), 37(2) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। प्रारंभिक जांच में इन युवकों पर पहले का कोई बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, लेकिन लॉरेंस गैंग से इनके जुड़ाव को लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है।  

चारों आरोपियों को मुंबई पुलिस की एक्सटॉर्शन सेल को सौंपा 
एसटीएफ प्रभारी राकेश कुमार ने पुष्टि की है कि चारों आरोपियों को मुंबई पुलिस की एक्सटॉर्शन सेल (रंगदारी विरोधी दस्ता) को सौंप दिया गया है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान लॉरेंस गैंग के नेटवर्क और भविष्य की अन्य योजनाओं को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल, मुंबई पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रवाना हो गई है, जहां उनसे आगे की कड़ियां जोड़ी जाएंगी। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

5379487