Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में कारोबारी हफ्ते की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही लेकिन दोपहर तक बाजार ने शानदार वापसी कर ली। सोमवार को शुरुआती गिरावट के बाद निवेशकों की खरीदारी से शेयर बाजार हरे निशान में लौट आया।
सुबह कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स 349.81 अंक यानी 0.42 प्रतिशत गिरकर 82276 पर आ गया था। वहीं निफ्टी-50 भी 98.4 अंक टूटकर 25372.70 पर पहुंच गया था लेकिन यह गिरावट ज्यादा देर टिक नहीं सकी।
करीब 1 बजे बाजार की तस्वीर बदल चुकी थी। सेंसेक्स 347.77 अंक यानी 0.42% चढ़कर 82974.52 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी भी 110 अंकों की तेजी के साथ 25581.15 पर पहुंच गया। यानी शुरुआती दबाव के बाद बाजार में खरीदारी हावी हो गई।
निफ्टी-50 पैक में क्वालिटी वॉल्स (इंडिया),पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और कोल इंडिया जैसे शेयरों में 5 फीसदी तक की तेजी दिखी। दूसरी ओर आईटी सेक्टर के दबाव के बीच इन्फोसिस और टेक महिंद्रा में 2 प्रतिशत तक की गिरावट रही।
बाजार की तेजी की बड़ी वजहें
वैल्यू बायिंग: शुक्रवार को भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने सस्ते हो चुके शेयरों में खरीदारी की। रियल्टी, फार्मा और एफएमसीजी सेक्टर में अच्छी मांग दिखी। याद रहे,शुक्रवार को सेंसेक्स 1048.16 अंक टूटकर 82626.76 पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 336.10 अंक गिरकर 25471.10 पर आ गया था।
मिले-जुले वैश्विक संकेत: एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख रहा। हैंगसेंग इंडेक्स 0.4 प्रतिशत चढ़ा जबकि निक्केई 225 सपाट रहा। चीन और दक्षिण कोरिया के बाजार लूनर न्यू ईयर की छुट्टियों के कारण बंद थे। अमेरिका में भी शुक्रवार को बाजार मिला-जुला बंद हुआ था।
रुपये की चाल: रुपया शुरुआती कारोबार में 1 पैसे फिसलकर 90.67 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी निवेश की निकासी और डॉलर की मजबूती का असर दिखा। वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में हल्की तेजी और विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट ने भी दबाव बढ़ाया। कुल मिलाकर,बाजार में घबराहट के बीच मौके तलाशे जा रहे हैं। गिरावट के बाद खरीदारी ने यह साफ कर दिया कि निवेशकों का भरोसा अभी कायम है।
(प्रियंका कुमारी)











